PM Modi Gujarat Visit: गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, 5400 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
PM Modi Gujarat Visit
PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद, मेहसाणा, पालनपुर और आसपास के इलाकों में आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनसे औद्योगिक विकास, परिवहन और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
बैटरी निर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम
दौरे की शुरुआत पीएम मोदी हंसलपुर से करेंगे, जहां वे हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय निर्माण का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री 100 देशों को बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्यात की भी शुरुआत करेंगे। तोशिबा, डेंसो और सुजुकी के संयुक्त सहयोग से तैयार यह संयंत्र भारत को बैटरी निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखता है। इससे देश की 80 प्रतिशत से अधिक बैटरी की घरेलू जरूरतें पूरी हो सकेंगी।
रेलवे और परिवहन परियोजनाओं को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। इसमें महेसाणा-पालनपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, कलोल-कड़ी-कटोसन रेल खंड और बेचराजी-रानुज रेल लाइन का गेज परिवर्तन शामिल है। इन परियोजनाओं से यात्रियों की सुविधा और माल ढुलाई दोनों को लाभ मिलेगा।
यही नहीं, पीएम मोदी सड़क और पुल निर्माण के क्षेत्र में भी कई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसमें वीरमगाम-खुदाद-रामपुरा सड़क चौड़ीकरण, अहमदाबाद-वीरमगाम मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज और अहमदाबाद-मेहसाणा-पालनपुर मार्ग पर छह लेन का अंडरपास शामिल है। ये परियोजनाएं ट्रैफिक को सुगम बनाएंगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार देंगी।
बिजली और शहरी अवसंरचना को मिलेगी नई ताकत
ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री अहमदाबाद, मेहसाणा और गांधीनगर की विद्युत वितरण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। ये योजनाएं उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (UGVCL) के तहत आएंगी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत अहमदाबाद के रामापीर टेकरी क्षेत्र में स्लम पुनर्विकास परियोजना की शुरुआत भी करेंगे। वहीं, शहरी अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए रिंग रोड चौड़ीकरण और जल एवं सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा।
