राजनीति से हटकर शादी की सलाह! तेजस्वी ने चिराग पासवान को दी नसीहत, राहुल गांधी भी बोले- “ये मुझ पर भी लागू”
अररिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही “वोटर अधिकार यात्रा” रविवार (24 अगस्त) को बिहार के अररिया जिले में पहुंची। इस मौके पर आयोजित सभा और मीडिया वार्ता के दौरान विपक्ष ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे हमले बोले। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर भी व्यक्तिगत तंज कस दिया।
चिराग को दी शादी की सलाह
पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि “चिराग पासवान कोई बड़ा मुद्दा नहीं हैं। वे सिर्फ एक व्यक्ति विशेष (प्रधानमंत्री मोदी) के हनुमान हैं। हम जनता के हनुमान हैं।” इसके साथ ही उन्होंने मज़ाकिया लहज़े में कहा, “चिराग हमारे बड़े भाई जैसे हैं, मैं उन्हें यही सलाह दूंगा कि वे जल्द से जल्द शादी कर लें।”
तेजस्वी की इस टिप्पणी पर बगल में बैठे राहुल गांधी भी मुस्कुराए और तुरंत जवाब देते हुए बोले – “ये बात मुझ पर भी लागू होती है।” राहुल के इस हल्के-फुल्के अंदाज़ पर सभा में मौजूद लोग हंस पड़े।
चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप
तेजस्वी यादव ने इस दौरान चुनाव आयोग (Election Commission) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “आज चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली बन चुका है। प्रक्रिया इतनी जटिल है कि वोट जोड़ना हो या शिकायत करके हटाना, आम लोगों के लिए बहुत मुश्किल है। भाजपा आयोग के अधिकारियों को बचाने के लिए संसद में कानून लेकर आती है, ताकि उन पर कोई कार्रवाई न हो सके। ये लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है।”
“चुनाव आयोग बन गया गोदी आयोग”
तेजस्वी ने आगे कहा कि, “चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संस्था नहीं रह गया है, बल्कि यह भाजपा की एक इकाई और ‘गोदी आयोग’ बन गया है। देशभर में इसकी विश्वसनीयता पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। इसी कारण राहुल गांधी और हम सब इस यात्रा पर निकले हैं ताकि लोकतंत्र और जनता के वोट के अधिकार की रक्षा की जा सके।”
राहुल-तेजस्वी की साझा जमीनी रणनीति
कांग्रेस और राजद नेताओं का कहना है कि यह यात्रा सिर्फ प्रचार अभियान नहीं है, बल्कि जनता को जागरूक करने का प्रयास है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर यह संदेश देंगे कि “लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट का अधिकार सबसे अहम हथियार है और इसे किसी भी कीमत पर छीनने नहीं दिया जाएगा।”
