CG Morning News : सीएम साय का दिल्ली और विदेश दौरा, तोमर बंधुओं को सेशन कोर्ट से झटका, गुरु खुशवंत का बलौदाबाजार दौरा, गणेश उत्सव को लेकर गाइडलाइन
CG Morning News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 8:40 बजे रायपुर से दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान वे बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे दिल्ली से विदेश यात्रा पर निकलेंगे। सीएम साय इस दौरान जापान और दक्षिण कोरिया का दौरा करेंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर छत्तीसगढ़ में विविध कार्यक्रम
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्यभर में खेलो भारत मिशन के तहत विभिन्न आयोजन होंगे। इसमें संडे ऑन साइकिल गतिविधि भी शामिल होगी। “वन कॉरपोरेट वन स्पोर्ट्स” मॉडल लागू किया जाएगा। हर जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त होंगे और खेलों की मॉनिटरिंग के लिए फिट इंडिया पोर्टल का उपयोग होगा। कार्यक्रम 31 अगस्त तक चलेंगे।
सूदखोरी व आपराधिक मामलों में तोमर बंधुओं की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
रायपुर के कुख्यात तोमर बंधु वीरेंद्र और रोहित को सेशन कोर्ट से राहत नहीं मिली। कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। दोनों पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे दो महीने से फरार हैं। कोर्ट ने उनकी चार संपत्तियों की कुर्की का आदेश दिया है। बचाव पक्ष ने इस पर आपत्ति जताई है, जिस पर गुरुवार को सुनवाई होगी।
साय मंत्रिमंडल के नए मंत्री गुरु खुशवंत का बलौदाबाजार दौरा
नवनियुक्त मंत्री गुरु खुशवंत आज बलौदाबाजार जिले का दौरा करेंगे। वे सुबह निज निवास भंडारपुरी धाम जाएंगे और सतनामी समाज के लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे गिरौधपुरी धाम पहुंचकर मत्था टेकेंगे। मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला गिरौधपुरी दौरा होगा।
हाईकोर्ट से भी तोमर बंधुओं को राहत नहीं
तोमर बंधुओं की अग्रिम जमानत याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की बेंच ने रायपुर एसपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में व्यक्तिगत शपथपत्र दाखिल करने का आदेश दिया। फिलहाल दोनों भाइयों को कोई राहत नहीं मिली है।
गणेश उत्सव को लेकर रायपुर प्रशासन की गाइडलाइन
राजधानी में गणेश उत्सव के लिए प्रशासन ने नई गाइडलाइन जारी की है।
- सड़क पर पंडाल लगाने के लिए अनुमति अनिवार्य होगी।
- रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
- हर पंडाल में CCTV कैमरे और स्वयंसेवकों की तैनाती अनिवार्य होगी।
- झांकियां केवल तय रूट से ही निकाली जाएंगी और विसर्जन महादेवघाट कुंड में ही होगा।
- सुरक्षा को देखते हुए बिजली तारों से सुरक्षित दूरी और सुरक्षित वायरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
