Vishnudeo Sai Cabinet Meeting: आज होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों का इंतजार
Vishnudeo Sai Cabinet Meeting
रायपुर। Vishnudeo Sai Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज 19 अगस्त को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक सुबह 11 बजे के बाद शुरू होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा होगी और कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार पर रहेगी नजर
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आज की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी विचार-विमर्श हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि बैठक के बाद तीन नए मंत्रियों के नामों का ऐलान संभव है। ऐसे में कैबिनेट बैठक राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है।
पिछली कैबिनेट बैठक के बड़े फैसले
पिछली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इनमें प्रमुख था— जिला खनिज संस्थान न्यास नियम 2015 में संशोधन। नए प्रावधान के तहत न्यास की राशि का कम से कम 70% हिस्सा पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला-बाल कल्याण, वृद्ध-निःशक्तजन कल्याण, रोजगार, स्वच्छता, आवास और पशुपालन जैसे प्राथमिक क्षेत्रों पर खर्च किया जाएगा।
इसी तरह, रेत खनन में पारदर्शिता लाने के लिए पुराने नियमों को समाप्त कर नया नियम “छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम-2025” लागू किया गया। इस नियम से रेत के अवैध उत्खनन पर रोक लगेगी और इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के जरिए रेत खदानों का आवंटन होगा। इससे आम जनता को उचित दरों पर रेत मिल सकेगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी।
कृषि भूमि मूल्यांकन में बदलाव
कैबिनेट ने ग्रामीण कृषि भूमि के बाजार मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया में भी संशोधन किया। अब 500 वर्गमीटर तक की गणना खत्म कर पूरे रकबे का मूल्यांकन हेक्टेयर दर से होगा। इससे जमीन खरीद-फरोख्त में पारदर्शिता आएगी और अनियमितताओं पर रोक लगेगी।
क्रिकेट अकादमी को हरी झंडी
बैठक में नवा रायपुर (अटल नगर) के सेक्टर-3, ग्राम परसदा में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को 7.96 एकड़ भूमि क्रिकेट अकादमी के लिए आबंटित करने का फैसला भी लिया गया। इस अकादमी से राज्य के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।
राज्य के कई खिलाड़ी पहले ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। नई अकादमी से छत्तीसगढ़ को खेल जगत में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
