‘चुनाव आयोग ने फिर झूठ बोला’, CEC ज्ञानेश कुमार की प्रेस वार्ता के बीच ही कांग्रेस का बड़ा हमला..
चुनाव आयोग और कांग्रेस पार्टी के बीच जारी टकराव और तीखा हो गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की प्रेस वार्ता के तुरंत बाद कांग्रेस ने आयोग पर सीधा हमला बोला और कहा कि “चुनाव आयोग ने फिर झूठ बोला।” कांग्रेस ने न सिर्फ बयान जारी किया बल्कि सोशल मीडिया पर मीम्स और एआई जनित तस्वीरों के जरिए भी आयोग और बीजेपी पर निशाना साधा।
कांग्रेस का पलटवार सोशल मीडिया पर
राहुल गांधी को माफी मांगने की चेतावनी देने वाले चुनाव आयोग के बयान के कुछ ही मिनटों बाद कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें दो विंडो दिखाई गईं—एक में सीईसी ज्ञानेश कुमार कहते नजर आ रहे हैं कि आयोग के लिए कोई पक्ष-विपक्ष नहीं होता, सब बराबर हैं। दूसरी विंडो में राहुल गांधी का क्लिप है, जिसमें वे बीजेपी से भी हलफनामा मांगने की चुनौती देते दिख रहे हैं।
एआई जनित तस्वीर से पीएम मोदी और आयोग पर तंज
कांग्रेस ने एक और मीम शेयर किया जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी की एआई जेनरेटेड तस्वीर दिखाई गई। इसके साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो अन्य निर्वाचन आयुक्त—डॉ विवेक जोशी और डॉ सुखबीर सिंह—की तस्वीरें जोड़ी गईं। इस कार्टून जैसे प्रस्तुतीकरण पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए लिखा—”बोल ये रहे हैं, शब्द मेरे हैं।”
फिल्मी मीम से साधा निशाना
कांग्रेस ने एक और सोशल मीडिया पोस्ट में किसी फिल्म के क्लिप को मीम के रूप में इस्तेमाल किया। इसके साथ पार्टी ने “बहुत याराना लगता है” वाला जुमला जोड़कर चुनाव आयोग और बीजेपी के बीच कथित मिलीभगत का आरोप दोहराया।
चुनाव आयोग का दो टूक जवाब
कांग्रेस के आरोपों से पहले प्रेस वार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने साफ कहा था कि चुनाव आयोग अपने संवैधानिक कर्तव्यों से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा—“भारत का हर नागरिक, जो 18 साल का हो चुका है, उसे मतदाता बनना और मतदान करना चाहिए। हर राजनीतिक दल का जन्म पंजीकरण के माध्यम से चुनाव आयोग से होता है। ऐसे में आयोग किसी भी दल से भेदभाव कैसे कर सकता है? हमारे लिए न पक्ष है न विपक्ष, सब समकक्ष हैं।”
चुनाव आयोग ने फिर झूठ बोला pic.twitter.com/TMaFd4vN8b
— Congress (@INCIndia) August 17, 2025

