डॉक्टर भी हैरान! एक शरीर में दो ज़िंदगियाँ… डॉक्टरों ने बताया सर्जरी असंभव

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बार फिर दुर्लभ चिकित्सा स्थिति वाला जन्म का मामला सामने आया है। यहां 2 सिर, 2 दिल और 2 पैरों वाली बच्ची ने जन्म लिया है। उसके चार हाथ हैं, जबकि सीना और पेट एक ही है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल बच्ची स्वस्थ है लेकिन उसे अलग करने की सर्जरी की संभावना लगभग न के बराबर है।

जानकारी के मुताबिक, खरगोन जिले के मोथापुरा निवासी सोनाली की डिलीवरी 13 अगस्त को शासकीय महाराजा तुकोजीराव (एमटीएच) अस्पताल में हुई थी। प्रसव के बाद मां और नवजात को एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां बच्ची को PICU (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

डॉक्टरों की राय
डॉ. सुनील आर्य ने बताया कि बच्ची दंपत्ति की पहली संतान है। फिलहाल उसकी सोनोग्राफी और अन्य आवश्यक जांचें की जा रही हैं। उनका कहना है कि इस तरह के मामलों में शल्य चिकित्सा के जरिए बच्चों को अलग करना बेहद कठिन होता है और सफलता की संभावना लगभग 1% भी नहीं है।

पहले भी हो चुका है ऐसा मामला
इंदौर में यह घटना पहली बार नहीं हुई है। महज 23 दिन पहले, 22 जुलाई की रात को भी एमटीएच अस्पताल में एक महिला ने ऑपरेशन के जरिए दो सिर वाली बच्ची को जन्म दिया था। वह मामला भी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना था।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के जन्म अक्सर भ्रूण के विकास में शुरुआती चरण में आए अवरोध के कारण होते हैं, और इनका इलाज अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है।

Youthwings