दशगात्र भोज के बाद 74 लोग बीमार.. स्वास्थ्य टीम घर-घर जाकर कर रही जांच
मुंगेली। जिले के ग्राम नवागांव चीनू में दशगात्र भोज के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। जानकारी मिलते ही कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत राहत और उपचार अभियान शुरू किया। शुरुआती जांच में भोज में शामिल 10 लोगों में डायरिया के लक्षण मिले, जिसके बाद टीम ने पूरे गांव में जांच की। इस दौरान कुल 74 लोग प्रभावित पाए गए, जिनमें 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 13 बच्चे शामिल हैं।
स्थिति को देखते हुए RMA, RHO, CHO और मितानिनों की संयुक्त टीम ने सभी प्रभावितों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। फिलहाल सभी की हालत सामान्य है और कोई गंभीर मामला सामने नहीं आया है। CMHO और खंड चिकित्सा अधिकारी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्वच्छ पानी पीने, सफाई बनाए रखने, ताजा भोजन करने और समय पर दवा लेने की सलाह दी।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे ने बताया कि गांव में 24 घंटे स्वास्थ्य टीम तैनात है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
