छत्तीसगढ़ी क्राइम थ्रिलर “Kharun Paar” का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर रिलीज, युवा स्टारकास्ट को लेकर बढ़ी चर्चा

Kharun Paar

Kharun Paar

रायपुर: छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित क्राइम थ्रिलर फिल्म “Kharun Paar” का फर्स्ट लुक अब सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जारी कर दिया गया है। यह फिल्म रायपुर की प्रसिद्ध नदी “खारून” के नाम और इसके इर्द-गिर्द के लोकेशन महादेव घाट को केंद्र में रखकर बनाई गई है। पोस्टर और फर्स्ट लुक देखने के बाद यह फिल्म एक जबरदस्त सस्पेंस और थ्रिलर का अनुभव देती है।

छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में अब तक पारंपरिक फैमिली ड्रामा और लव स्टोरीज़ का ही बोलबाला रहा है, लेकिन 12 सितंबर को रिलीज़ होने जा रही “खारून पार” इस ट्रेंड को तोड़ने की कोशिश करती दिख रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाती है।

शील वर्मा और एल्सा घोष की जोड़ी पर फैंस की नजरें

फिल्म में “ले शुरू होगे मया के कहानी” और “मोर छैयाँ भुइयाँ 2” से लोकप्रिय हुई एल्सा घोष लीड रोल में हैं। उनके अपोजिट “ले चलहू तोला अपन दुवारी” फेम शील वर्मा नजर आएंगे। दोनों की फ्रेश जोड़ी और स्क्रीन प्रेजेंस को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही चर्चा है।

फिल्म मल्टी-स्टारर होगी जिसमें इन दोनों के अलावा “वैदेही” और “दंतेला” से पहचान बनाने वाले विशाल दुबे, राया डिंगोरिया, और कॉमेडियन अमन सागर भी अहम किरदार निभाते दिखेंगे।

“सरकारी अफसर” बनाने वाली टीम की अगली पेशकश

इस फिल्म का निर्माण Inside Me Originals के बैनर तले हुआ है। यह वही टीम है जिसने हाल ही में छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी परीक्षा CGPSC पर आधारित चर्चित वेब सीरीज़ “सरकारी अफसर” बनाई थी, जिसे यूट्यूब पर लाखों लोगों ने देखा।

फिल्म के निर्माता और लेखक टीम में NIT रायपुर के पूर्व छात्र दिव्यांश सिंह, साईं भरत, विवेक कुमार और ऋत्विक सिन्हा शामिल हैं, जिन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद फिल्ममेकिंग को अपने करियर के रूप में चुना है। फिल्म की पूरी तकनीकी टीम और स्टारकास्ट युवा है, जो दर्शकों के लिए एक नई सोच और प्रस्तुति लेकर आ रही है।

युवा प्रतिभाओं से सजी यह फिल्म क्या लाएगी बदलाव?

“खारून पार” न केवल छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कंटेंट को नया आयाम दे रही है बल्कि यह एक प्रयोगात्मक कदम भी है, जिसे पूरी तरह युवाओं ने तैयार किया है। अब देखना यह है कि इस नई सोच को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है।

Youthwings