उत्तरकाशी में तबाही : ITBP, NDRF, SDRF, सेना ने संभाला मोर्चा.. ग्राउंड जीरो पर CM पुष्कर सिंह धामी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने से आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी। अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है और राहत-बचाव टीमों ने 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला है। इस बीच, रेस्क्यू टीम ने एक स्थानीय व्यक्ति का शव बरामद किया है।

लापता लोगों की तलाश जारी

अब तक की जानकारी के अनुसार, 8 स्थानीय लोग, 2 नेपाली मूल के व्यक्ति और 9 आर्मी जवान लापता हैं। पुलिस, सेना, ITBP, NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
गंगनानी के पास सड़क मार्ग बंद होने के कारण जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल को हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र भेजा गया।

ग्राउंड जीरो पर पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धराली पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर प्रभावित व्यक्ति तक मदद पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सीएम धामी ने कहा, “हम हर पीड़ित परिवार तक राहत और सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”

भारतीय सेना की तैनाती

भारतीय सेना ने बताया कि अब तक 70 से अधिक लोगों को बचाया गया है। गंगोत्री और धराली में अतिरिक्त राहत टीमें भेजी गई हैं। हर्षिल से धराली तक सड़क मार्ग खोलने के लिए जेसीबी और अन्य उपकरण तैनात किए गए हैं।
ड्रोन और रेस्क्यू डॉग्स की मदद से फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। निकाले गए लोगों को भोजन और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

स्कूल रहेंगे बंद

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए उत्तरकाशी जिले में 7 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

हरिद्वार में हाई अलर्ट

उत्तरकाशी की घटना के बाद हरिद्वार प्रशासन ने भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है और और बढ़ने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को गंगा घाटों और नदी किनारे जाने से मना किया है। राहत-बचाव टीमें standby पर रखी गई हैं।

Youthwings