Mamata Banerjee on Vijay Sharma: बंगालियों पर उत्पीड़न का आरोप – CM ममता बनर्जी के बयान पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का पलटवार

Mamata Banerjee on Vijay Sharma

Mamata Banerjee on Vijay Sharma

रायपुर। Mamata Banerjee on Vijay Sharma: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह बांग्लाभाषियों को निशाना बना रही है और उन्हें बांग्लादेशी बताकर परेशान किया जा रहा है। इसके जवाब में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

ममता बनर्जी का केंद्र पर हमला

कोलकाता में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल के मजदूरों को पूरे देश में बांग्लादेशी घुसपैठिया कहकर परेशान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता ने कहा, “मैं बंगालियों के प्रति केंद्र और भाजपा के रवैये से शर्मिंदा हूं। आखिर इन्हें बंगालियों से इतनी नाराज़गी क्यों है?” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर भाजपा ने बांग्लाभाषियों का उत्पीड़न बंद नहीं किया, तो उसे गंभीर राजनीतिक नतीजे भुगतने होंगे।

ममता बनर्जी ने यहां तक कहा कि, “बीजेपी में अगर हिम्मत है तो मुझे डिटेंशन सेंटर में भेज कर दिखाए। लेकिन याद रहे, बंगाल की जनता चुनाव में बीजेपी को राजनीतिक डिटेंशन सेंटर में भेज देगी।” उन्होंने आगे कहा कि अब वे और अधिक बांग्ला बोलेंगी।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा का तीखा पलटवार

सीएम ममता के इन आरोपों पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि “विपक्षी पार्टियां देश की डेमोग्राफी को बदलना चाहती हैं। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोग बंगाल से छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इनकी भाषा और बोलने के लहजे से सब कुछ साफ हो जाता है। पूछने पर ये लोग अपने गांव और जन्मस्थान तक नहीं बता पाते।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर रही है और उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई जारी है। उनका कहना था कि पहचान छिपाकर रहने वाले इन घुसपैठियों को छत्तीसगढ़ में पनाह नहीं दी जाएगी।

स्वच्छता सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान

इस बीच डिप्टी सीएम शर्मा ने राज्य को मिले स्वच्छता पुरस्कार पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है, जो निकायों के मेहनत का नतीजा है। दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और रायपुर नगर निगम की टीम को सम्मानित किया है।” शर्मा ने कहा कि यह शुरुआत है, अभी और बेहतर काम की जरूरत है।

भारतमाला प्रोजेक्ट और स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल पर भी बोले विजय शर्मा

विधानसभा में भारतमाला परियोजना को लेकर कांग्रेस द्वारा संभावित विरोध पर डिप्टी सीएम ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि “यह तो वही बात हो गई – उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। मुख्यमंत्री ने घोटालों के खिलाफ कार्रवाई की है, और दोषियों को जेल भेजा जाएगा।”

स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल पर विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सभी की चिंता करते हैं और मीडिया के जरिए जो मुद्दे सामने आ रहे हैं, उन पर सरकार ध्यान दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में स्थिति सामान्य हो जाएगी।

बांग्लाभाषियों को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो चुकी है। एक तरफ जहां ममता बनर्जी इसे बंगालियों के सम्मान का मुद्दा बता रही हैं, वहीं भाजपा इसे अवैध घुसपैठ से जुड़ा कानून-व्यवस्था का विषय बता रही है। यह मुद्दा आने वाले चुनावों में और भी गर्मा सकता है।

Youthwings