पान व डेली नीड्स की आड़ में नशे का कारोबार! 7 दुकानदारों पर कार्रवाई, लाखों का सामान जब्त

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और भिलाई शहरों में पान सेंटर और डेली नीड्स दुकानों की आड़ में युवाओं को नशे की लत लगाने का गंदा खेल चल रहा था। पुलिस को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 7 दुकानदारों के खिलाफ कोटपा एक्ट (सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के तहत केस दर्ज किया है। इस दौरान हुक्का पॉट, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और फ्लेवर तंबाकू समेत करीब 3.5 लाख रुपये की नशीली सामग्री जब्त की गई है।

SSP विजय अग्रवाल के निर्देश पर शुरू हुआ अभियान

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और सीएसपी को निर्देश दिया था कि डेली नीड्स और पान दुकानों के बहाने चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। इसके बाद जिलेभर में अभियान चलाया गया और इन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जो चोरी-छिपे युवाओं को नशीली चीजें बेच रहे थे।

मोहन नगर में डेली नीड्स से इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट जब्त

मोहन नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड दुर्ग स्थित “SSD डेली नीड्स” दुकान के संचालक रोहित जसवानी के पास से इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का पार्ट्स और फ्लेवर तंबाकू समेत 3 लाख 52 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।

भिलाई सिविक सेंटर में पान दुकान से हुक्का सामग्री बरामद

भिलाई नगर थाना के सिविक सेंटर क्षेत्र में गुलेरी पान सेंटर के संचालक अंकित उपाध्याय की दुकान से हुक्का और विभिन्न फ्लेवर की तंबाकू बरामद की गई। यह दुकान भी युवाओं को नशा परोसने का अड्डा बन चुकी थी।

अन्य इलाकों में भी की गई कार्रवाई

पुलिस ने इन इलाकों में भी छापेमारी कर नशे के सामान जब्त किए:

  • हरिश तलरेजाप्यूमेल डेली नीड्स, नेहरू नगर, सुपेला
  • कैलाश धनकुटेवंश पान पैलेस, माडल टाउन, स्मृतिनगर
  • कैलाश बिसाईकैलाश डेली नीड्स, कोहका सुपेला
  • लक्की चंदानीकादम्बरी नगर, दुर्ग
  • लक्ष्मीकांत दुबेजुनवानी, स्मृतिनगर

इन सभी के खिलाफ संबंधित थानों में कोटपा एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

आरोपियों की सूची:

  1. रोहित जसवानी (34 वर्ष), सिंधी कॉलोनी, दुर्ग
  2. अंकित उपाध्याय, मैत्रीकुंज, रिसाली नेवई
  3. हरिश तलरेजा, नेहरू नगर, सुपेला
  4. कैलाश धनकुटे (43 वर्ष), मॉडल टाउन, स्मृतिनगर
  5. कैलाश बिसाई (27 वर्ष), कोहका, सुपेला
  6. लक्ष्मीकांत दुबे (53 वर्ष), जुनवानी, स्मृतिनगर
  7. लक्की चंदानी (42 वर्ष), कादम्बरी नगर, दुर्ग

युवाओं को नशे में धकेलने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, ये दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में आम ग्राहकों की आड़ में नाबालिगों और युवाओं को हुक्का व फ्लेवर तंबाकू उपलब्ध करवा रहे थे। यह नशे की लत को बढ़ावा दे रहा था और सामाजिक रूप से बेहद खतरनाक है।

Youthwings