कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का iPhone चोरी मामले में मंत्री केदार कश्यप का बड़ा बयान – “कौन कर रहा है जासूसी?”
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इन दिनों एक मोबाइल चोरी ने सियासी भूचाल ला दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का iPhone 15 Pro रविवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से चोरी हो गया। घटना के बाद जहां कांग्रेस के भीतर हड़कंप मच गया है, वहीं अब इस मामले में मंत्री केदार कश्यप ने बयान देकर पूरे मामले को एक राजनीतिक साजिश का रंग दे दिया है।
कांग्रेस में ही साजिश की आशंका: केदार कश्यप
राज्य सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता केदार कश्यप ने इस चोरी को महज एक आपराधिक घटना नहीं माना, बल्कि इसके पीछे कांग्रेस के अंदरूनी षड्यंत्र की आशंका जताई है। उन्होंने कहा, “दीपक बैज को पूरे प्रदेश को बताना चाहिए कि उनकी जासूसी कौन कर रहा है? कौन उनके राज जानना चाहता है, जो उनके मोबाइल तक की चोरी करवा रहा है?”
केदार कश्यप ने यहां तक कहा कि अगर दीपक बैज को शक है कि उनके फोन की चोरी के पीछे कांग्रेस के ही किसी नेता का हाथ है, चाहे वह भूपेश बघेल हों या टी.एस. सिंहदेव, तो उन्हें खुलकर नाम लेना चाहिए।
“कौन से राज़ छिपे हैं दीपक बैज के फोन में?”
मंत्री केदार कश्यप ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि यदि दीपक बैज के पास ऐसे कोई “राज़” हैं, जिन्हें कांग्रेस के ही लोग जानने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह पार्टी के भीतर बड़ी खलबली का संकेत हो सकता है। “यदि वो राज़ जनता के बीच आ गया तो कांग्रेस की जो स्थिति है, वो और बदतर हो सकती है।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर कांग्रेस के नेता ही अपने ही अध्यक्ष की जासूसी करवा रहे हैं, तो यह पार्टी की आंतरिक हालत का सबूत है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि यदि बैज खुलकर अपनी बात सामने रखते हैं, तो राज्य सरकार उन्हें मोबाइल वापस दिलाने की पूरी कोशिश करेगी।
कैसे चोरी हुआ दीपक बैज का iPhone?
रविवार को NSUI की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चल रही थी। बैठक के दौरान दीपक बैज कुछ समय के लिए मीडिया से बातचीत करने बाहर निकले थे। इसी दौरान, किसी ने कार्यकर्ता के भेष में आकर उनका महंगा iPhone 15 Pro चुरा लिया।
बैठक में मौजूद नेताओं में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व महापौर एजाज ढेबर भी शामिल थे। दीपक बैज के सहायक राम साहू के अनुसार, मोबाइल हॉल में टेबल पर ही रखा गया था, जो बाद में गायब पाया गया।
चोरी की जानकारी खम्हारडीह थाना में दे दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और हॉल में मौजूद लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच कर रही है।
