1 जुलाई से ट्रेन सफर होगा महंगा, रेलवे बढ़ाएगा किराया – जानिए कितना पड़ेगा असर

ट्रेन से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। रेलवे मंत्रालय 1 जुलाई 2025 से यात्री किराए में बढ़ोतरी की योजना बना रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की गैर-एसी श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसे, जबकि वातानुकूलित (AC) श्रेणी में प्रति किलोमीटर 2 पैसे का इजाफा किया जा सकता है।

कितना बढ़ेगा किराया?

अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो दिल्ली से मुंबई या कोलकाता जैसे लंबे रूट पर यात्रा करने वालों को औसतन 25-30 रुपये ज्यादा देने पड़ सकते हैं। उदाहरण के तौर पर:

  • 500 किलोमीटर की यात्रा में नॉन-एसी यात्रियों को 5 रुपये और एसी यात्रियों को 10 रुपये अधिक चुकाने होंगे।
  • 1000 किलोमीटर की दूरी तय करने वालों के लिए एसी किराया 20 रुपये और नॉन एसी 10 रुपये तक बढ़ सकता है।

किसे नहीं होगी बढ़ोतरी से दिक्कत?

रेलवे ने उपनगरीय ट्रेनों और मासिक सीजन टिकट (MST) से यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को राहत दी है। इसके तहत इनके किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। साथ ही, सामान्य सेकंड क्लास में 500 किलोमीटर तक की यात्रा पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा।

5 साल बाद हो रहा किराया संशोधन

पिछली बार रेलवे ने जनवरी 2020 में यात्री किराये में बदलाव किया था। उससे पहले 2013 में बड़ी वृद्धि हुई थी। इस बार की वृद्धि को पिछले संशोधनों की तुलना में “सबसे कम बढ़ोतरी” बताया जा रहा है।

रेलवे को कितनी कमाई होगी?

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस मामूली वृद्धि से वित्त वर्ष 2025-26 की शेष अवधि में करीब 700 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी की उम्मीद है। अगर पूरे साल यह दर लागू होती, तो 920 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व बढ़ सकता था। रेलवे ने 2026 तक 92,800 करोड़ रुपये के यात्री राजस्व का लक्ष्य रखा है।

Youthwings