कश्मीर जा रही बस पर पथराव: उमर अब्दुल्ला ने नायब सैनी सरकार से की एक्शन की मांग

करनाल। हरियाणा के करनाल स्थित नीलोखेड़ी में दिल्ली से जम्मू-कश्मीर जा रही एक बस पर पथराव का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार डिवाइन स्टार ढाबे की पार्किंग में बस खड़ी होने के दौरान साइड देने के विवाद को लेकर कार सवार युवकों और बस में मौजूद एक व्यक्ति के बीच तीखी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कार सवारों ने ढाबे के पास पड़े ईंट-पत्थरों से बस पर हमला कर दिया, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया।

जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने उठाए सवाल

इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़ी आपत्ति जताते हुए हरियाणा सरकार और पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी। अब्दुल्ला ने उम्मीद जताई कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और हरियाणा पुलिस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों को पकड़कर ऐसी मिसाल कायम करेगी, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

शराब के नशे में विवाद और पथराव का आरोप

थाना बुटाना के प्रभारी विपिन कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात डायल 112 के माध्यम से डिवाइन स्टार ढाबे पर जम्मू-कश्मीर की एक निजी बस के साथ विवाद की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार सवार दोनों युवक यूनिसपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना के समय बस में सवार संबंधित व्यक्ति और कार सवार युवक दोनों ही शराब के नशे में थे, जिसके बाद साइड देने जैसी मामूली बात पर विवाद हिंसक रूप ले बैठा।

मोहित, सावन और सहीद के नाम आए सामने, शिकायत का इंतजार

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में मोहित और सावन नाम के दो युवकों के अलावा सहीद नाम के व्यक्ति की संलिप्तता का जिक्र सामने आया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पथराव के दौरान खिड़की का शीशा टूटने से एक यात्री को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने बस स्टाफ और घायल यात्री से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक पीड़ितों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि लिखित तहरीर मिलते ही नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Youthwings