‘वेलकम टू इंडिया, एलन’: मस्क की बेबसी, राहुल का तंज और भारतीय सियासत का नया वैश्विक समीकरण
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क जब सोशल मीडिया पर झुंझलाकर पूछते हैं कि “क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं?” और चंद मिनटों में भारत के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जवाब देते हैं “भारत में आपका स्वागत है, एलन। ज़रा इंतज़ार कीजिए, जब आपको यहां के दूसरे शख्स के बारे में पता चलेगा” तो यह महज एक्स पर दो हाई-प्रोफाइल शख्सियतों का संवाद नहीं रह जाता। इसके तुरंत बाद मस्क का यह कहना कि “धन्यवाद, राहुल। यह वाकई चिंता की बात है” भारतीय राजनीति और वैश्विक कॉरपोरेट ताकतों के बीच एक अप्रत्याशित वैचारिक मिलन का संकेत देता है।
यह डिजिटल संवाद उस समय सामने आया है जब स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा ‘स्टारलिंक’ भारत में पांच साल से नियमों का पालन करने के बावजूद सुरक्षा मंजूरी और स्पेक्ट्रम की बाट जोह रही है। मस्क की यह खीझ सीधे तौर पर रिलायंस जियो और भारती एयरटेल जैसे भारतीय दिग्गजों के कथित एकाधिकार के खिलाफ फूटी थी। लेकिन राहुल गांधी ने इस व्यावसायिक तकरार को तुरंत उस सियासी विमर्श से जोड़ दिया, जिसे वे पिछले एक दशक से गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ और ‘सूट-बूट की सरकार’ का नैरेटिव।
राहुल गांधी का दांव: मस्क के जरिये नैरेटिव को वैश्विक समर्थन
राहुल गांधी भारतीय राजनीति में लगातार ‘हम दो, हमारे दो’ का नारा देकर नरेंद्र मोदी सरकार पर मुकेश अंबानी और गौतम अडानी को तरजीह देने का आरोप लगाते रहे हैं। घरेलू राजनीति में इस आरोप को सत्तारूढ़ भाजपा अक्सर ‘निराधार’ या ‘व्यापार विरोधी’ कहकर खारिज कर देती थी।
लेकिन जब दुनिया का सबसे बड़ा टेक उद्यमी और अमेरिकी सत्ता प्रतिष्ठान विशेष रूप से डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी समझे जाने वाले एलन मस्क सार्वजनिक रूप से भारतीय बाजार में चंद उद्योगपतियों के नियंत्रण की बात करते हैं तो राहुल गांधी को एक ऐसा वैश्विक गवाह मिल जाता है जिसे नजरअंदाज करना मुश्किल है। राहुल का ‘दूसरे शख़्स’ वाला संदर्भ बिना नाम लिए सीधे गौतम अडानी की तरफ था, जिससे उन्होंने मस्क के कॉरपोरेट दर्द को मोदी सरकार के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक ढाल बना दिया। मस्क का उन्हें धन्यवाद देना कांग्रेस के उस आरोप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैध ठहराने जैसा दिखता है कि भारत का बाज़ार स्वतंत्र प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं, बल्कि चुनिंदा घरानों के संरक्षण के लिए काम कर रहा है।
कांग्रेस के भीतर की दुविधा
इस सियासी बाजीगरी में कांग्रेस के अपने आंतरिक विरोधाभास भी खुलकर सतह पर आ गए हैं। पिछले साल कांग्रेस के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने स्टारलिंक के मामले पर बिल्कुल उलट रुख अपनाया था। जब रिलायंस और एयरटेल ने स्टारलिंक के साथ शुरुआती साझेदारियों की घोषणा की थी, तब रमेश ने इसे प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ट्रंप प्रशासन को साधने की एक ‘रणनीति’ करार दिया था। जयराम रमेश ने स्टारलिंक को भारत में अनुमति देने पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल उठाए थे और पूछा था कि आपात स्थिति में कनेक्टिविटी का नियंत्रण विदेशी कंपनी के पास कैसे सौंपा जा सकता है?
अब जहां कांग्रेस की आधिकारिक लाइन विदेशी सैटेलाइट नेटवर्क को देश की सुरक्षा के लिए खतरा और मोदी सरकार द्वारा ट्रंप-मस्क को दी जा रही रियायत बताती रही थी, वहीं राहुल गांधी ने मस्क की उसी स्टारलिंक वाली हताशा को अपनी सरकार विरोधी राजनीति का आधार बना लिया। यह विरोधाभास दिखाता है कि विपक्ष के लिए यहां नीतिगत स्थिरता से ज्यादा अहम सरकार और बड़े पूंजीपतियों की साठगांठ को उजागर करने का मौका भुनाना था।
मस्क और राहुल गांधी के बीच का यह संक्षिप्त संवाद भारतीय राजनीति और वैश्विक कूटनीति के कई अनछुए पहलुओं को उजागर करता है:
‘क्रोनी कैपिटलिज़्म’ के आरोप को मिला वैश्विक मंच: अब तक विपक्ष के आरोपों को घरेलू राजनीति का हिस्सा माना जाता था। लेकिन मस्क की टिप्पणी के बाद यह बहस अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच पहुंच गई है कि क्या भारत में व्यापार करने की सुगमता वास्तव में सभी के लिए एक जैसी है, या फिर घरेलू दिग्गज बाहरी ताकतों को क़ानूनी पचड़ों में उलझाकर रोक सकते हैं।
भारत-अमेरिका समीकरण और ट्रंप का साया: एलन मस्क सिर्फ़ एक उद्योगपति नहीं हैं, वे वाशिंगटन के नीतिगत गलियारों में असाधारण प्रभाव रखते हैं। अगर मस्क खुले तौर पर यह धारणा बनाते हैं कि भारतीय नियामक ढांचा उनके खिलाफ झुका हुआ है तो इसका सीधा असर भारत-अमेरिका के व्यापारिक और रणनीतिक रिश्तों पर पड़ सकता है। सरकार के लिए मस्क को नाराज करना जितना कूटनीतिक जोखिम भरा है, उन्हें एकतरफ़ा रियायत देकर ‘विदेशी दबाव’ में झुकने का आरोप झेलना उतना ही बड़ा राजनीतिक संकट है।
विपक्ष का बदला हुआ अंदाज: पारंपरिक रूप से भारतीय वाम-मध्यममार्गी पार्टियां अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के आगमन का विरोध करती रही हैं। लेकिन राहुल गांधी का मस्क की बात पर ताली बजाना यह दर्शाता है कि अब विपक्ष के लिए घरेलू कॉर्पोरेट एकाधिकार को तोड़ना विदेशी तकनीकी दिग्गजों के स्वागत से ज्यादा बड़ा मुद्दा बन चुका है।
बाजार का सच बनाम सियासी नैरेटिव
केंद्र सरकार ने मस्क के आरोपों को फौरन और सख्ती से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि भारत का सैटेलाइट संचार ढांचा पूरी तरह निष्पक्ष और भेदभाव रहित है, जहां सुरक्षा मंजूरी सभी कंपनियों के लिए अनिवार्य है। टेलीकॉम मंत्रालय की दलील है कि चाहे स्टारलिंक हो या जियो और वनवेब, सभी को सुरक्षा नियमों की एक जैसी कसौटी से गुज़रना होगा।
फिर भी राजनीति में धारणा तथ्यों से ज्यादा तेज असर करती है। एक्स पर हुए चंद वाक्यों के इस आदान-प्रदान ने यह साबित कर दिया है कि भारत में सैटेलाइट स्पेक्ट्रम की लड़ाई केवल इंटरनेट स्पीड या गीगाबाइट्स की नहीं है। यह 91 करोड़ ब्रॉडबैंड यूजर्स पर नियंत्रण, स्वदेशी बनाम विदेशी तकनीक की रस्साकशी, और सबसे बढ़कर-2029 की ओर बढ़ रही भारतीय राजनीति में ‘पूंजी और सत्ता’ के गठजोड़ पर छिड़े सबसे बड़े संग्राम का नया अंतरराष्ट्रीय अखाड़ा बन चुकी है।
