India vs Zimbabwe T20 in Raipur: भारत-जिम्बाब्वे T20 सीरीज के लिए रायपुर तैयार, स्टेडियम से पार्किंग तक किए जा रहे खास इंतजाम, इस दिन होना है मैच

India vs Zimbabwe T20 in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाली T20 सीरीज को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को तीन अंतर्राष्ट्रीय महिला T20 मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों के सफल और सुचारू संचालन को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने दिए जरूरी निर्देश

बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए। मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़े कार्य समय पर पूरे करने के लिए पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को भी जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बनाई गई लोकल सपोर्ट कमेटी

मैच के सफल संचालन और अंतर-विभागीय समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। इसमें रायपुर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

दर्शकों के लिए भी होंगे खास इंतजाम

दर्शकों को ई-टिकट स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश दिलाने के लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी। स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं। टिकटों पर स्टेडियम का पूरा नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर दर्ज रहेगा और टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा।

पार्किंग से लेकर CCTV तक सुरक्षा के इंतजाम

स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और BCCI के समन्वय से की जाएगी।

बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी फोकस

आवश्यक विद्युत व्यवस्था की जिम्मेदारी CSPDCL और ऊर्जा विभाग की होगी। स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा और आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपातकालीन इलाज और VVIP आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है।

मोबाइल नेटवर्क और फायर सेफ्टी की तैयारी

स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी BSNL को दी गई है। वहीं, गृह एवं अग्निशमन विभाग फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाले मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

कई विभागों के अधिकारी बैठक में हुए शामिल

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे समेत रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, फायर एंड सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, CSPDCL, PWD और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हुए।

Youthwings