CM Sai Singapore Visit: ₹41,750 करोड़ का AI Data Center और ₹1,500 करोड़ की सोलर परियोजना… सिंगापुर से क्या लेकर लौटे CM साय?
CM Sai Singapore Visit: Singapore से लौटे CM साय, छत्तीसगढ़ के लिए लाए ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव… बोले- सभी MOU होंगे धरातल पर
CM Sai Singapore Visit: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। तीन दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) Forum 2026 में हिस्सा लिया और वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाएं रखीं। दौरे के दौरान प्रदेश के लिए कुल ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव सामने आए।
रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में काम करेगी। उनके मुताबिक, इन परियोजनाओं से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
AI Data Center के लिए सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव
सिंगापुर दौरे के दौरान सबसे बड़ा प्रस्ताव Energy Capital Global की ओर से आया है। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में करीब ₹41,750 करोड़ के निवेश से 100 मेगावाट क्षमता वाला AI-Ready Data Center Campus विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई है।
इसके अलावा Sunstream Green Energy की ओर से करीब ₹1,500 करोड़ के सोलर प्रोजेक्ट और बैटरी स्टोरेज से जुड़े निवेश का प्रस्ताव सामने आया है।
एग्रो और फूड प्रोसेसिंग में भी ₹350 करोड़ का प्रस्ताव
दौरे के अंतिम चरण में Valency International की ओर से करीब ₹350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिला। कंपनी छत्तीसगढ़ में इंटीग्रेटेड एग्रो और फूड प्रोसेसिंग तथा एक्सपोर्ट हब विकसित करने की दिशा में काम करेगी। इसके जरिए कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और उन्हें बाजार से जोड़ने पर फोकस रहेगा।
इन प्रस्तावों के जुड़ने के बाद सिंगापुर दौरे से संबंधित कुल निवेश प्रस्तावों का आंकड़ा ₹43,600 करोड़ तक पहुंचा है।
IT Education Services के साथ हुआ MoU
मुख्यमंत्री साय ने ITE Education Services के साथ कौशल विकास को लेकर भी MoU किया। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तकनीकी और व्यावसायिक कौशल से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने संस्था के IT परिसर का दौरा भी किया और वहां के स्किल डेवलपमेंट मॉडल को देखा।
‘MOU को धरातल पर उतारेंगे’
निवेश प्रस्तावों के जमीन पर उतरने को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार पूरी जांच-परख के बाद ही समझौते कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन MoU और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिल सके।
हालांकि, मौजूदा समय में ये निवेश प्रस्ताव और प्रतिबद्धताएं हैं। वास्तविक निवेश और परियोजनाओं का क्रियान्वयन आगे की औपचारिक प्रक्रियाओं, समझौतों और परियोजना की प्रगति पर निर्भर करेगा।

सेवा ज्योति कार्यक्रम पर भी बोले CM साय
रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बीजेपी के सेवा ज्योति कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सेवा ज्योति भी इसी अभियान का हिस्सा है और प्रधानमंत्री का संबोधन जिला मुख्यालयों में सुना जाएगा।
साय ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था और सेवा के क्षेत्र में जलाई गई इस ‘ज्योति’ को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
