ज्ञानेश कुमार के नाम पर विपक्ष का झूठ बेनकाब? संबित पात्रा बोले- वो 2025 में आए, हम चुनाव सालों से जीत रहे हैं!
नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (INDIA) द्वारा मंगलवार को संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर तक निकाले जाने वाले विरोध मार्च को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। विपक्षी दलों के इस कदम पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि कांग्रेस और पूरा विपक्ष देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश रच रहा है।
‘राहुल गांधी को सत्ता में बैठाने की प्रायोजित कोशिश’
संबित पात्रा ने कहा कि विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस की ओर से एक प्रायोजित षड्यंत्र चलाया जा रहा है ताकि किसी भी तरह सत्ता पर कब्जा किया जा सके और राहुल गांधी को बिना जनादेश के सत्ता की गद्दी पर बैठा दिया जाए। उन्होंने कहा, “यह सिलसिला कोई आज का नहीं है, बल्कि वर्षों से चल रहा है। कांग्रेस बार-बार राहुल गांधी को लॉन्च और री-लॉन्च करने की कोशिश करती है और जब वे हर बार विफल हो जाते हैं, तो ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ दिया जाता है।”
पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले सेना, फिर ईवीएम और हिंदुओं को निशाना बनाया और अब वे लगातार चुनाव आयोग पर हमले कर रहे हैं।
‘ज्ञानेश कुमार 2025 में आए, हम पहले से चुनाव जीत रहे हैं’
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बीच विपक्ष झूठ और अराजकता फैलाने में जुटा है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, “ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति 19 फरवरी 2025 को हुई थी, जबकि भाजपा ने उससे पहले भी लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनाव भारी बहुमत से जीते हैं। ऐसे में यह कहना पूरी तरह बेबुनियाद है कि हम ज्ञानेश कुमार की मदद से चुनाव जीतते हैं।”
फॉर्म-6 विवाद पर स्थिति की स्पष्ट
सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में याचिका पर नोटिस जारी किए जाने के बाद राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार करते हुए पात्रा ने कहा कि अदालत के फैसले के बाद विपक्ष भ्रम फैला रहा है। उन्होंने साफ किया कि चुनाव आयोग के नियमों के तहत ‘फॉर्म 6’ में कोई मूल बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत फॉर्म 6 के साथ केवल एक घोषणापत्र जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की आदत से बाज आए।
