क्या है 2006 का वह सुसाइड केस जिसमें फंस गए CEC ज्ञानेश कुमार? जानिए किसने दिए विजिलेंस जांच के निर्देश

तिरुवनंतपुरम: चुनावों में धांधली और SIR को लेकर मचे घमासान के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक राज्य सरकार ने उनके खिलाफ करीब 20 साल पुराने मामले में सतर्कता जांच शुरू करने के आदेश दिए हैं। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर यह कार्रवाई किस राज्य में हो रही है और वह कौन सा केस है जिसकी फाइलें दो दशक बाद दोबारा खोली जा रही हैं?

किस राज्य में और किस विभाग ने दिए जांच के आदेश?

यह पूरी कार्रवाई केरलम की कांग्रेस सरकार द्वारा की जा रही है। केरलम के गृह मंत्रालय ने विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो को निर्देश जारी किया है कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की कार्रवाई से पहले एक शुरुआती जांच करे। राज्य के गृह विभाग ने वर्ष 2006 में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ की गई सतर्कता जांच से जुड़ी पुरानी फाइलों को तलब किया है।

किस केस में शुरू हुई है जांच?

यह पूरा मामला वर्ष 2006 का है, जब ज्ञानेश कुमार केरलम के लोक निर्माण विभाग में बतौर सचिव पदस्थ थे। उस दौरान केरलम स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट सड़क निर्माण परियोजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इसी प्रोजेक्ट से जुड़े एक मलेशियाई सिविल इंजीनियर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

20 साल पुराने इसी सुसाइड केस और सड़क परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोपों की कड़ियां जोड़ते हुए अब दोबारा जांच शुरू करने का फैसला लिया गया है।

कैसे खुली 20 साल पुरानी फाइल?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केपीसीसी नेता मलयिनकीझु वेणुगोपाल ने शनिवार 3 अक्टूबर, 2026 को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच की औपचारिक मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के बाद ही गृह विभाग हरकत में आया।

केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि शिकायत की प्रारंभिक समीक्षा में आरोपों के भीतर प्रथम दृष्टया आधार नजर आया है। गृह मंत्री ने कहा कि मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि इस गंभीर मामले में विस्तृत सतर्कता जांच होना आवश्यक है। मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री वीडी सतीशन से विस्तृत चर्चा की है। इसके बाद विजिलेंस विभाग के डायरेक्टर मनोज अब्राहम को कानून के तहत जरूरी कदम उठाते हुए विस्तृत जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

Youthwings