राजा भोज एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत: सीएम मोहन यादव ने की अगवानी, जानिए गृह मंत्री का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अपने निर्धारित दौर पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे। राजा भोज विमानतल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनकी भावभीनी अगवानी की। हवाई अड्डे पर वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री सहित सभी गणमान्य नेताओं ने गृह मंत्री को पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शाह शनिवार को राजधानी में आयोजित कई बड़े राज्य स्तरीय और शैक्षणिक कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
भेल दशहरा मैदान में प्रदर्शनी का उद्घाटन और गोपालक सम्मेलन
शनिवार सुबह गृह मंत्री के सार्वजनिक कार्यक्रमों की शुरुआत भेल दशहरा मैदान से होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11:00 बजे होटल ताज लेक फ्रंट से रवाना होकर वे 11:25 बजे भेल दशहरा मैदान पहुंचेंगे। सुबह 11:30 से 12:00 बजे तक वे भारतीय न्याय संहिता एवं नए आपराधिक कानूनों पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके तुरंत बाद, दोपहर 12:05 से 1:05 बजे तक वे भेल दशहरा मैदान में ही आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और प्रदेशभर से आए गोपालकों को संबोधित करेंगे।
लंच पर राजनीतिक मंथन और गृह मंत्रालय की समीक्षा बैठक
दशहरा मैदान के कार्यक्रमों के बाद अमित शाह दोपहर 1:30 बजे होटल ताज लेक फ्रंट लौटेंगे। दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक का समय लंच के लिए आरक्षित रखा गया है, जिसके दौरान वे संगठन और सरकार के शीर्ष नेतृत्व से अनौपचारिक चर्चा भी करेंगे। इसके उपरांत, दोपहर 2:15 से शाम 4:15 बजे तक होटल ताज में मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विकास और नीतिगत मुद्दों पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी। शाम 4:15 से 5:15 बजे तक गृह मंत्री नारकोटिक्स के मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
IISER के ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास और दिल्ली रवानगी
दौरे के अंतिम चरण में गृह मंत्री शैक्षणिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 5:15 बजे होटल ताज से रवाना होकर वे 5:40 बजे भोपाल बायपास रोड, भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) के विस्तारित परिसर पहुंचेंगे। यहां शाम 5:45 से 6:00 बजे तक वे विस्तारित ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम 6:10 से 7:25 बजे तक मुख्य परिसर में आयोजित समारोह में वे स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण करेंगे। शाम 7:30 बजे IISER से रवाना होकर वे 7:45 बजे भोपाल स्टेट हैंगर पहुंचेंगे और 7:50 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
