महाराष्ट्र के रायगड में बड़ा हादसा: समुद्र में डूबने से 8 की मौत,सभी शव बरामद, पिकनिक मनाने आए थे सभी छात्र

मुंबई। महाराष्ट्र के रायगड जिले से गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर समुद्र तट पर पिकनिक मनाने आए 8 छात्रों की गहरे पानी में डूबने से अकाल मौत हो गई। मृतकों में शामिल सभी छात्र पुणे जिले के आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग क्लास के थे, जो दोस्तों के साथ सैर-सपाटे के लिए समुद्र तट पर पहुंचे थे। इस भीषण त्रासदी की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

लहरों और गहराई का अंदाजा न होना बना हादसे का कारण

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आलंदी से छात्रों का यह समूह रायगड के श्रीवर्धन तालुका अंतर्गत आने वाले मशहूर दिवेआगर बीच पर पहुंचा था। दोपहर के समय छात्र समुद्र किनारे पानी में उतरकर मस्ती कर रहे थे, लेकिन समुद्र की तेज लहरों और पानी की वास्तविक गहराई का सही आकलन न कर पाने के कारण वे अचानक गहरे पानी में खिंचते चले गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि छात्रों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते 8 छात्र लहरों के बीच ओझल हो गए।

स्थानीय गोताखोरों और वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने निकाले शव

हादसा होते ही समुद्र किनारे मौजूद अन्य पर्यटकों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार सुनकर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। तट पर मौजूद ‘महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स’ के जांबाज कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए समुद्र में छलांग लगाई। काफी देर तक चले सघन तलाशी अभियान और कड़ी मशक्कत के बाद समुद्र से सभी आठों छात्रों के शवों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

स्वास्थ्य केंद्र में जुटी भीड़, इलाके में पसरा सन्नाटा

बचाव दल द्वारा सभी शवों को तत्काल पोस्टमॉर्टम और आवश्यक कागजी औपचारिकताओं के लिए बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना कर रही है। जैसे ही यह मनहूस खबर फैली, स्वास्थ्य केंद्र और बीच के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और सैलानी जमा हो गए। हंसते-खेलते पिकनिक मनाने आए मासूम बच्चों की इस तरह जलसमाधि बन जाने से पुणे से लेकर रायगड तक मातम का माहौल है।

Youthwings