जब तक इस्तीफा नहीं, तब तक आंदोलन! CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़क पर उतरी CJP, शिवाजी पार्क में जुटेंगे लोग
मुंबई। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR को लेकर खड़े हुए विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शुक्रवार से मुंबई में बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है। गुरुवार को मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ऐलान किया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल मुंबई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देशव्यापी स्तर पर ले जाया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उनका यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
13 करोड़ वोटर्स के नाम हटाने का आरोप, 3 प्रमुख मांगें
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और इस अन्याय के खिलाफ जनता को सड़कों पर उतारा जाएगा। उन्होंने सीजेपी की तीन प्रमुख मांगें रखीं। जिसमें पहली, एसआईआर की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और वर्ष 2025 की वोटर लिस्ट के आधार पर चुनाव कराए जाएं। दूसरी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आपराधिक मुकदमा दर्ज हो। तीसरी, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो, जिसमें सिविल सोसाइटी और मुख्य न्यायाधीश की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
आजाद मैदान में नहीं मिली अनुमति, शिवाजी पार्क में जुटेंगे कार्यकर्ता
सीजेपी प्रमुख ने बताया कि 23 सितंबर को सामने आए खुलासों के बाद से ही पार्टी इस मुद्दे पर सक्रिय है। मुंबई पुलिस द्वारा दिशा-निर्देशों के तहत आजाद मैदान में प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब संगठन ने रणनीति बदली है। दीपके ने आम जनता से लोकतंत्र बचाने की अपील करते हुए शुक्रवार को दादर स्थित शिवाजी पार्क के गेट नंबर 6 पर भारी संख्या में जुटने का आह्वान किया है। बता दें कि इससे पहले भी सीजेपी नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन कर चुकी है।
🚨 NATIONWIDE PROTEST
CJP’s nationwide agitation demanding the resignation of CEC Gyanesh Kumar begins tomorrow, 2nd October, in Mumbai.
We urge everyone to join the protest and raise their voice to #SaveDemocracy. pic.twitter.com/c6957Sqwgw
— Cockroach Janta Party – CJP (@Cockroachisback) October 1, 2026
