ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन, कई शहरों में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

ज्ञानेश कुमार

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया। पार्टी ने चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। गुवाहाटी, चंडीगढ़, लखनऊ, देहरादून, कोलकाता और अन्य शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और मार्च निकाला।

यह विरोध प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहा है जब एक रिपोर्ट में चुनाव आयोग के तीन सदस्यीय पैनल के भीतर SIR और मतदाता सूची से जुड़े कुछ मुद्दों पर असहमति दर्ज होने की बात सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार विभिन्न फैसलों और प्रक्रियाओं पर आपत्तियां दर्ज की थीं।

कई शहरों में कांग्रेस का प्रदर्शन

गुवाहाटी में प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने की। वहीं चंडीगढ़, लखनऊ, देहरादून और कोलकाता में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकाला और CEC के इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग में निर्णय लेने की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और अन्य चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया। पार्टी इसी मुद्दे को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है।

विपक्षी दलों की ओर से भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दल संसद के दोनों सदनों में CEC को हटाने के लिए प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं।

पटना में पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी

पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई।

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कुछ कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते रहे और CEC के इस्तीफे की मांग दोहराते रहे।

लखनऊ में बारिश के बीच प्रदर्शन

लखनऊ में बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पार्टी कार्यालय के बाहर जुटे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे और छाते लेकर प्रदर्शन किया और विधानसभा तथा चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

चंडीगढ़ में भी चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च

चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-17 स्थित चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए आयोग के कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की थी।

read more:  ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का बड़ा ऐलान, 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

इम्फाल में स्थिति तनावपूर्ण

मणिपुर के इम्फाल में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यालय परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश की गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई की।

इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण होने की जानकारी सामने आई। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया।

आखिर क्यों बढ़ा विवाद?

विवाद की मुख्य वजह चुनाव आयोग की मतदाता सूची से जुड़ी Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया और आयोग के भीतर कथित मतभेदों को लेकर सामने आई रिपोर्ट है।

The Indian Express की रिपोर्ट के अनुसार, आयोग के तीन सदस्यों में से दो—सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी—ने पिछले 10 महीनों में SIR सहित कई प्रक्रियाओं को लेकर रिकॉर्ड पर सवाल उठाए थे। इनमें मतदाताओं के नाम हटाने और बहाल करने, नए मतदाताओं के लिए Form 6 में बदलाव और मतदाता डेटा से जुड़ी प्रक्रियाओं जैसे मुद्दे शामिल बताए गए हैं।

इसके बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राजनीतिक और संवैधानिक कार्रवाई की मांग तेज कर दी।

राहुल गांधी ने भी मांगा इस्तीफा

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 24 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि CEC को पद पर नहीं रहना चाहिए।

कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर संसद में भी कार्रवाई की तैयारी की बात कही गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दल CEC को हटाने के लिए दोनों सदनों में प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं।

BJP ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं BJP ने कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोपों को खारिज किया है। BJP प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के अनुरूप है और फैसले बहुमत की सहमति के आधार पर लिए जाते हैं। उन्होंने The Indian Express की रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए और कहा कि इसमें चुनाव आयुक्तों की प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया शामिल नहीं थी।

दूसरी ओर, चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि किसी भी संस्थान में अधिकारियों के बीच मतभेद होना सामान्य है और आयोग की कार्रवाइयां कानून के अनुरूप हैं।

फिलहाल CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का विरोध जारी है। आने वाले दिनों में यह मामला सड़क से लेकर संसद तक और आगे बढ़ सकता है।

Youthwings