अगस्त में घटी बेरोजगारी: गांवों में रोजगार बढ़ा, महिलाओं को भी मिला ज्यादा काम

नई दिल्ली। देश के श्रम बाजार के प्रमुख संकेतकों के लिए अगस्त 2026 का महीना बड़ी राहत लेकर आया है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक देश में श्रम बल भागीदारी और रोजगार अनुपात दोनों में मजबूती आई है। विशेष रूप से ग्रामीण भारत में रोजगार के अवसरों में तेजी देखी गई है, जिसके चलते ग्रामीण बेरोजगारी दर घटकर जनवरी 2026 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। PLFS के ये आंकड़े करंट वीकली स्टेटस पर आधारित हैं, जिसके लिए देशभर के 3.70 लाख से अधिक लोगों से विस्तृत डेटा एकत्र किया गया था।

श्रम भागीदारी  और रोजगार अनुपात में बढ़ोतरी

15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग में काम करने या काम तलाशने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है। कुल श्रम बल भागीदारी दर  जुलाई के 55.4 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 55.6 प्रतिशत दर्ज की गई जो पिछले साल अगस्त 2025 में 55% थी।

ग्रामीण इलाकों में LFPR 58% से बढ़कर 58.2% हो गया, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 50.4% पर स्थिर रहा। देश का रोजगार अनुपात जुलाई के 52.5% से सुधरकर 52.8 प्रतिशत पर पहुंच गया। यह मार्च 2026 के बाद का सबसे उच्चतम स्तर है। ग्रामीण WPR सालाना आधार पर 1.3% अंक सुधरकर 55.8% रहा।

कामकाजी महिलाओं की संख्या में लगातार दूसरे महीने इजाफा

रिपोर्ट का सबसे सकारात्मक पहलू महिला श्रम बल भागीदारी में  तेजी आई है। कुल महिला श्रम बल भागीदारी लगातार दूसरे महीने बढ़कर 34.8 प्रतिशत पर पहुंच गई। ग्रामीण क्षेत्रों में महिला भागीदारी 38.8% से बढ़कर 39.4% दर्ज की गई। सालाना आधार पर भी महिलाओं का रोजगार अनुपात अगस्त 2025 के 32% के मुकाबले सुधरकर 33% हो गया है।

ग्रामीण बेरोजगारी दर जनवरी के बाद सबसे निचले स्तर पर

अगस्त 2026 में देश की कुल बेरोजगारी दर 5.1% से मामूली घटकर 5.0 प्रतिशत रह गई। ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी दर में तेज गिरावट आई और यह जुलाई के 4.5% से गिरकर 4.1 प्रतिशत पर आ गई, जो जनवरी 2026 के बाद का सबसे निचला स्तर है।

वहीं शहरी बेरोजगारी दर 6.7% से मामूली बढ़कर 6.8% दर्ज की गई। पुरुषों की कुल बेरोजगारी दर लगातार तीसरे महीने घटकर 4.9% पर आ गई, जबकि महिलाओं की कुल बेरोजगारी दर भी घटकर 5.1% रही । यह सारे आंकड़े दर्शाते हैं कि मानसून के दौरान कृषि और ग्रामीण गैर-कृषि गतिविधियों में तेजी से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं, जिसने देश के श्रम बाजार को नई मजबूती दी है।

Youthwings