नरसिंहपुर में ईडी की बड़ी कार्रवाई: तेंदूखेड़ा के पूर्व विधायक संजय शर्मा और उनके सहयोगी के ठिकानों पर छापेमारी

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और प्रमुख कारोबारी संजय शर्मा से जुड़े ठिकानों पर बुधवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने अचानक दबिश दी। दिल्ली से पहुंची केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है, जिससे पूरे इलाके के राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हड़कंप मच गया है।

दफ्तर में दस्तावेजों की पड़ताल

मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ईडी की टीम बुधवार सुबह करीब आधा दर्जन वाहनों के काफिले के साथ तेंदूखेड़ा पहुंची। अधिकारियों ने राजमार्ग स्थित संजय शर्मा के मुख्य कारोबारी कार्यालय को अपने घेरे में लेकर सघन जांच शुरू की। टीम के सदस्य कार्यालय के वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और अन्य कारोबारी दस्तावेजों व डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं।

करीबी सहयोगी के घर पर भी दबिश

कारोबारी कार्यालय के अलावा ईडी की एक टीम ने संजय शर्मा के करीबी माने जाने वाले रामलाल झरिया के तेंदूखेड़ा स्थित वार्ड क्रमांक-9 आवास पर भी छापा मारा है। जांच प्रक्रिया के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों परिसरों के बाहर स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है।

Youthwings