शहबाज शरीफ का अजब कारनामा: फ्रेम के ‘सेंटर’ में आने के लिए क्रॉप कर दिए दुनिया के दिग्गज, सोशल मीडिया पर जमकर उड़ी खिल्ली

बिश्केक। किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसने उन्हे मजाक का पात्र बना दिया है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अहमियत पाने की जद्दोजहद में जुटे शहबाज शरीफ के दफ्तर ने ‘सेंटर ऑफ अट्रैक्शन’ बनने के चक्कर में ऐसी कलाकारी दिखाई कि समिट की आधिकारिक फैमिली फोटो पर ही डिजिटल कैंची चला दी। सोशल मीडिया पर खुद को दुनिया के नेताओं के बीच बिल्कुल बीचों-बीच दिखाने की इस बचकानी कोशिश के बाद अब पड़ोसी मुल्क की वैश्विक स्तर पर जमकर फजीहत हो रही है।

साइड में खड़े थे शहबाज, एडिट करके बन गए ‘फ्रेम के सिकंदर’

सम्मेलन के दौरान लिए गए मूल ग्रुप फोटो में मंच पर बाएं से दाएं सभी सदस्य देशों के राष्ट्रप्रमुख कतार में खड़े थे। इसमें एससीओ महासचिव नुरलान येरमेकबायेव, बेलारूस के राष्ट्रपति, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, किर्गिज राष्ट्रपति, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके बगल में पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ खड़े थे। चूंकि शहबाज शरीफ कतार के किनारे की तरफ खड़े थे, इसलिए उनके मीडिया सेल को यह बात रास नहीं आई। शरीफ साहब को बीच में दिखाने के लिए पाकिस्तान के पीएमओ ने फोटो के बाएं हिस्से से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत अन्य नेताओं को काटकर गायब ही कर दिया।

पोल खुली तो दोपहर में जारी करनी पड़ी असली तस्वीर

जैसे ही यह सिलेक्टिव और कटी-छंटी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट हुई, यूजर्स ने तुरंत पकड़ लिया कि वजीर-ए-आजम को ‘हीरो’ बनाने के लिए दुनिया के कद्दावर नेताओं पर ही कैंची चला दी गई है। वैश्विक स्तर पर किरकिरी होने लगी, तब जाकर डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू हुई। थू-थू होने के बाद दोपहर करीब 3:32 बजे खुद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सभी वैश्विक नेताओं की मौजूदगी वाली पूरी और असली फैमिली फोटोग्राफ पोस्ट करके मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनका यह ‘क्रॉप-कांड’ दुनिया भर में वायरल हो चुका था।

Youthwings