PhonePe: इंटरनेट गया तो भी नहीं रुकेगा UPI! फीचर फोन से भी अब होगा झटपट पेमेंट
PhonePe UPI 123Pay: इंटरनेट नहीं है तो भी होगा UPI पेमेंट, फीचर फोन से भेज सकेंगे पैसे
PhonePe UPI 123Pay Service: डिजिटल पेमेंट के लिए अब हर बार स्मार्टफोन और इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी UPI पेमेंट किया जा सकेगा। यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं या ऐसे इलाकों में रहते हैं जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर रहती है।
इंटरनेट के बिना कैसे होगा पेमेंट?
UPI 123Pay की खासियत यह है कि इसके जरिए भुगतान करने के लिए हर ट्रांजैक्शन में इंटरनेट कनेक्शन जरूरी नहीं होगा। यह सुविधा SMS के माध्यम से काम करती है। यूजर्स इससे दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजने के साथ-साथ दुकानदारों को भी भुगतान कर सकेंगे।
इसके अलावा बैंक बैलेंस चेक करने और पुराने ट्रांजैक्शन की जानकारी हासिल करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यानी इंटरनेट या स्मार्टफोन की परेशानी के बावजूद डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल जारी रखा जा सकेगा।
इन फीचर फोन पर मिलेगा सपोर्ट
शुरुआत में यह सुविधा कुछ चुनिंदा फीचर फोन मॉडल पर उपलब्ध कराई गई है। इनमें HMD, Nokia, Lava International और Itel Mobile के कुछ मॉडल शामिल हैं।
HMD के मुताबिक HMD 105 2G, HMD 110 2G, Nokia 105 Classic, Nokia 105 Single SIM, Nokia 105 Dual SIM, Nokia 106 और Nokia 123 Shield जैसे चुनिंदा फीचर फोन पर इसका सपोर्ट मिलेगा। आने वाले समय में अन्य मॉडल्स को भी इस सुविधा से जोड़े जाने की संभावना है।
AI वॉयस हेल्पलाइन से मिलेगी मदद
UPI 123Pay को इस्तेमाल करना आसान बनाने के लिए PhonePe ने AI आधारित वॉयस हेल्पलाइन भी शुरू की है। यह अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी। इसके जरिए यूजर्स को सेवा शुरू करने की प्रक्रिया समझने और UPI से जुड़े सामान्य सवालों के जवाब हासिल करने में मदद मिलेगी।

ऐसे शुरू करें UPI 123Pay
सपोर्ट करने वाले फीचर फोन में PhonePe ऐप खोलकर सबसे पहले नियम और शर्तों को स्वीकार करना होगा। इसके बाद बैंक का चयन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए डेबिट कार्ड के आखिरी 6 अंक और एक्सपायरी डेट दर्ज करनी होगी।
इसके बाद UPI PIN सेट करके रजिस्ट्रेशन पूरा किया जा सकता है। सेवा एक्टिव होने के बाद मोबाइल नंबर, कॉन्टैक्ट या UPI ID के जरिए पैसे भेजे जा सकेंगे। कैमरा वाले सपोर्टेड फीचर फोन में QR कोड स्कैन करके पेमेंट करने का विकल्प भी मिल सकता है।
आगे और बढ़ेंगी सुविधाएं
PhonePe की योजना इस सेवा में आगे चलकर बिल भुगतान, मोबाइल रिचार्ज और आधार के जरिए UPI रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं जोड़ने की भी है। इससे फीचर फोन यूजर्स के लिए डिजिटल पेमेंट का दायरा और बढ़ सकता है।
