MPPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026: 7 से 12 सितंबर तक परीक्षा, बायोमेट्रिक और CCTV से होगी त्रिस्तरीय निगरानी
भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की प्रतिष्ठित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 आगामी 7 सितंबर से शुरू होने जा रही है। 12 सितंबर तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए आयोग ने इंदौर शहर में कुल 6 विशेष परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। इस परीक्षा में इंदौर से 2428 अभ्यर्थी शामिल होकर प्रशासनिक पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए आयोग ने कड़े सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक केवल एक ही सत्र में आयोजित की जाएगी।
90 मिनट पहले रिपोर्टिंग अनिवार्य, लागू हुई त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर बेहद कड़े नियम तय किए हैं। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। देरी से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
केंद्रों पर किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के लिए त्रिस्तरीय सघन चेकिंग व्यवस्था लागू की गई है। प्रवेश द्वार पर ई-प्रवेश पत्र की बारकोड/क्यूआर स्कैनिंग और अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।
वहीं संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान कमरों और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
परीक्षा केंद्र में केवल इन वस्तुओं की होगी अनुमति
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थी अपने साथ केवल अनिवार्य और निर्धारित सामग्री ही ले जा सकेंगे। जिसमें अधिकृत ई-प्रवेश पत्र और वैध मूल फोटो पहचान पत्र जैसे वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि ले जा सकेंगे। इसके अलावा पारदर्शी पानी की बोतल और परीक्षा के लिए साधारण पारदर्शी बॉल प्वाइंट पेन ही ले जा सकते हैं।
किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या अतिरिक्त कागज केंद्र के भीतर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
