Nepal Flood News: नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों पर बड़ा अपडेट, 9 की जानकारी मिली… 2 अब भी लापता

Nepal Flood

Nepal Flood: CM साय के निर्देश पर सरकार ने तेज किया संपर्क अभियान; रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित, बिलासपुर और सरगुजा के दो लोगों की तलाश जारी

रायपुर। Nepal Flood और भूस्खलन के कारण बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ के नागरिकों को लेकर राहत और चिंता दोनों की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद प्रदेश के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है।

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार 9 नागरिकों की स्थिति के संबंध में जानकारी मिली है, जबकि बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े 2 नागरिक अब भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं रायपुर के 5 नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है और वे वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क, मंजू की भी मिली जानकारी

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की जानकारी सामने आई थी।

प्रशासन के मुताबिक अब मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन करते हुए संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर रहा है।

प्रियंका और डॉ. मीना की तलाश जारी

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी तरह सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता बताई जा रही हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है।

उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए प्रशासन संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है।

Nepal Flood Chhattisgarh Citizens

रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित, लौटने के लिए रवाना

इस बीच रायपुर से जुड़ी एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है।

जानकारी के मुताबिक ये सभी नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

सरकार की हर अपडेट पर नजर

Nepal Flood की स्थिति के बीच छत्तीसगढ़ सरकार लगातार वहां मौजूद नागरिकों की जानकारी जुटा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।

राज्य सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी संपर्क बनाए हुए है। प्रभावित नागरिकों के परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

Nepal Flood: हेल्पलाइन नंबर

टोल फ्री: 1070

कंट्रोल रूम: 0771-2223471

सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं।

Youthwings