5 घंटे चली बैठक के बाद कांग्रेस का बड़ा ऐलान! ‘निष्क्रिय’ नेताओं की छुट्टी तय, जानिए क्यों कोर्ट जाने की तैयारी में कांग्रेस?

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की करीब 5 घंटे चली मैराथन बैठक संपन्न हो गई। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा की मौजूदगी में हुई इस बैठक में पार्टी के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ आगामी रणनीति और संगठन सृजन अभियान पर विस्तृत मंथन हुआ। तकनीकी खराबी और व्यस्तता के चलते नकुलनाथ, अरुण यादव और दिग्विजय सिंह ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस दिग्गजों ने पार्टी में बड़े बदलाव, छात्र राजनीति, ओबीसी आरक्षण और बीजेपी सरकार के खिलाफ अदालत जाने के फैसलों की जानकारी दी।

‘जो निष्क्रिय रहेगा, वह पद पर नहीं रहेगा’: उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संगठन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि जो नेता काम में निष्क्रिय रहेगा, वह पद पर नहीं रहेगा। वह पार्टी का सदस्य तो रहेगा लेकिन संगठन में उसे जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि दतिया उपचुनाव में घनश्याम सिंह की जीत से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। आरिफ मसूद का कॉलेज बंद कराने, जीतू पटवारी के भाई और पूर्व विधायक प्रवीण पाठक पर दर्ज केसों को लेकर पार्टी ने तय किया है कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता के लिए कांग्रेस मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।

‘प्रत्यक्ष प्रणाली से कराएं छात्रसंघ चुनाव, वरना पूरे MP में उग्र प्रदर्शन’: जीतू पटवारी

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से ही कराए जाने चाहिए। अगर सरकार ने प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव नहीं कराए, तो कांग्रेस पूरे मध्य प्रदेश में सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी।

पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने षड्यंत्र रचकर राज्यसभा चुनाव में गड़बड़ी की और विधानसभा सचिव का दुरुपयोग किया। इस मामले में कांग्रेस विधानसभा सचिव के खिलाफ कोर्ट का रुख कर रही है।

‘27% ओबीसी आरक्षण रोकने की साजिश और धार्मिक स्थलों में भ्रष्टाचार’: हरीश चौधरी

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने दतिया के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार पिछड़ों को उनका हक यानि 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण नहीं देना चाहती। अयोध्या से लेकर उज्जैन तक हुए घोटालों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को जनता ने महसूस किया है। कांग्रेस प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर पूरी ताकत से छात्रों के साथ खड़ी रहेगी।

Youthwings