1700 करोड़ की लागत से बदलेगी भोपाल-विदिशा की सूरत! जानिए मोहन कैबिनेट बैठक में कौन से बड़े प्रस्ताव मंजूर?

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित मध्य प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक संपन्न हो गई है। बैठक में लिए गए लोकहित और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने दी।

कैबिनेट में भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भोपाल-विदिशा फोरलेन सड़क परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा कृषि, एविएशन, सुरक्षा और सम्मान पुरस्कारों को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी है।

मोहन कैबिनेट के मुख्य फैसले

1700 करोड़ का भोपाल-विदिशा फोरलेन: भोपाल को मेट्रोपॉलिटन रीजन के तौर पर डेवलप करने के लिए भोपाल से विदिशा के बीच 1700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।

इच्छावर में बनेगा सोयाबीन रिसर्च सेंटर: सीहोर जिले के इच्छावर में सोयाबीन रिसर्च सेंटर की स्थापना के लिए 20 हेक्टेयर भूमि निशुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

सम्मान राशि हुई दोगुनी: ‘रानी दुर्गावती पुरस्कार’ और ‘रानी अवंतिका बाई वीरता पुरस्कार’ की सम्मान राशि को बढ़ाकर अब 2 लाख रुपये कर दिया गया है।

खंडवा में औद्योगिक सुरक्षा बल: प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए खंडवा में औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन किया जाएगा।

दुग्ध उत्पादन 20% तक ले जाने का लक्ष्य: कृषि वर्ष के रूप में मनाए जा रहे इस वर्ष में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाना है।

देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे की जांच: देवास में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में जांच के लिए एकल सदस्यीय समिति/टीम का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई होगी।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस: 14 अगस्त को पूरे प्रदेश में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एविएशन सेक्टर को रफ्तार: प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने और एविएशन क्षेत्र के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है।

Youthwings