Bihar Train Fire: बिहार में बड़ा रेल हादसा! ट्रेन के दो कोच में लगी भीषण आग, जान बचाकर भागे लोग
Bihar Train Fire: सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर समस्तीपुर-सहरसा मेमू ट्रेन के दो डिब्बों में अचानक लगी आग
Bihar Train Fire: सोमवार तड़के चलती मेमू ट्रेन में अचानक आग लगते ही रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते दो डिब्बे आग की चपेट में आ गए। आखिर कैसे टला बड़ा हादसा, कितनी देर में आग पर पाया गया काबू और क्या है हादसे की वजह? पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
Bihar Train Fire: चलती ट्रेन में अचानक लगी आग, दो डिब्बे धू-धूकर जले
Bihar Train Fire: बिहार के सहरसा जिले से सोमवार तड़के एक बड़ी रेल दुर्घटना टलने की खबर सामने आई है। समस्तीपुर-सहरसा मेमू ट्रेन (संख्या 63344) के दो डिब्बों में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर लगी आग
पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, समस्तीपुर-सहरसा मेमू ट्रेन सोमवार तड़के करीब 3 बजे सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान स्टेशन मास्टर ने ट्रेन के मोटर कोच से धुआं और आग निकलने की सूचना दी। देखते ही देखते आग ने ट्रेन के दो डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन से बाहर निकाला गया।
दमकल की मदद से आग पर पाया गया काबू
शुरुआत में रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन में मौजूद अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 5:50 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने तुरंत विद्युत लाइन की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी थी।

कोई हताहत नहीं, बड़ा हादसा टला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल जरूर रहा, लेकिन राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा कर लिया गया।
आग लगने के कारणों की होगी जांच
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। तकनीकी टीम ट्रेन के मोटर कोच और प्रभावित डिब्बों की जांच करेगी ताकि आग लगने की वजह स्पष्ट हो सके।
रेलवे का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
