12 कांग्रेस नेताओं पर गैर-जमानती FIR, दीपक बैज पहुंचे थाने; BJP नेताओं पर भी काउंटर केस की मांग

दीपक बैज

रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए प्रदर्शन और झड़प के बाद राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस द्वारा कांग्रेस के 12 नामजद और कई अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के बाद अब कांग्रेस ने भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर काउंटर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

दीपक बैज के नेतृत्व में थाने पहुंचे कांग्रेस नेता

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता खम्हारडीह थाना पहुंचे। इस दौरान थाने के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते रहे, जबकि दीपक बैज और अन्य नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रदर्शन में शामिल भाजपा के मंत्री, विधायक और अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

दीपक बैज ने उठाए सवाल

मीडिया से बातचीत में दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस केवल एकतरफा कार्रवाई स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि पूरे घटनाक्रम की जांच हो रही है तो सभी पक्षों की भूमिका की समान रूप से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पक्ष को कानूनी तरीके से रखेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही यह बात

इससे पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी और कानूनी व राजनीतिक स्तर पर अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है।

read more : CJP का कल देशव्यापी आंदोलन का ऐलान: सरकार से बातचीत के लिए रखी शर्त; जंतर-मंतर या न्यूट्रल जगह पर बैठक की मांग

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

पुलिस पहले ही दर्ज कर चुकी है मामला

गौरतलब है कि बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नामजद और कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। अब कांग्रेस ने भी पूरे मामले में भाजपा नेताओं के खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।

Youthwings