‘3 इडियट्स’ के चतुर की भावुक अपील, बोले- फुंसुख वांगडू को मरते नहीं देखना चाहता, जीनत अमान ने भी जताई चिंता
नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार के पक्षधर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल सोमवार को 17वें दिन में प्रवेश कर गई। वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में शामिल हैं, जहां परीक्षा प्रणाली में सुधार, कथित पेपर लीक मामलों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस बीच बॉलीवुड के कई कलाकार उनके समर्थन में सामने आए हैं और सरकार से बातचीत कर समाधान निकालने की अपील की है।
ओमी वैद्य ने कहा- वांगचुक सुरक्षित रहें
फिल्म ‘3 इडियट्स’ में चतुर रामलिंगम का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से इस मुद्दे पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिल्म का प्रसिद्ध किरदार फुंसुख वांगडू वास्तविक जीवन में सोनम वांगचुक से प्रेरित था।
ओमी ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से वांगचुक से मिल चुके हैं और उन्हें एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व मानते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वांगचुक की मांगों और आंदोलन को समझें तथा इस विषय पर जागरूकता फैलाएं।
जीनत अमान ने सरकार से बातचीत की अपील की
अभिनेत्री जीनत अमान ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह सोनम वांगचुक की चिंताओं और मांगों का सम्मान करती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस मामले में जल्द बातचीत शुरू की जाए, क्योंकि यह शिक्षा और देश के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
अन्य कलाकारों ने भी जताया समर्थन
सोनम वांगचुक के समर्थन में अभिनेता प्रकाश राज, अभय देओल और अभिनेत्री श्रेया धनवंतरी भी सामने आए हैं। प्रकाश राज पहले जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हो चुके हैं। वहीं अभय देओल ने सोशल मीडिया पर वांगचुक के समर्थन में पोस्ट साझा की, जबकि श्रेया धनवंतरी ने उन्हें अनशन समाप्त करने पर विचार करने की सलाह देते हुए सरकार से संवेदनशील रुख अपनाने की अपील की।
READ MORE : मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: UCC मसौदे पर 18 जुलाई को विशेष बैठक; निवेश, GST और युवाओं को लेकर अहम निर्णय
किन मुद्दों को लेकर चल रहा है आंदोलन?
सोनम वांगचुक 28 जून 2026 से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका समर्थन परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, कथित पेपर लीक मामलों की जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को है।
प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च में शामिल होने की भी अपील की गई है।
स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता
अनशन लंबा खिंचने के कारण सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। उनके समर्थन में सामने आए कलाकारों का कहना है कि सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संवाद स्थापित कर इस मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाना चाहिए।
