Pune Wall Collapse: बारिश का कहर! किले का हिस्सा घर पर गिरा, एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 की मौत
Pune Wall Collapse: लगातार भारी बारिश के बीच भूस्खलन और दीवार गिरने से कई लोगों की मौत, प्रशासन अलर्ट पर
Pune Wall Collapse: पुणे में लगातार हो रही बारिश ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। किले का हिस्सा घर पर गिरा, दीवार ढही, लोग तेज बहाव में बहे और स्कूलों में छुट्टी तक घोषित करनी पड़ी। जानिए बारिश की इस तबाही की पूरी कहानी।
Pune Wall Collapse: भारी बारिश बनी काल!
Pune Wall Collapse: महाराष्ट्र के पुणे जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते भूस्खलन, दीवार गिरने और तेज बहाव जैसी घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य लोग तेज बहाव में लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने कई इलाकों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है।
Pune Wall Collapse: किले का हिस्सा घर पर गिरा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
जिला प्रशासन के अनुसार मावल तहसील के पाटन गांव में सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हुआ। लगातार बारिश के कारण विसापुर किले का एक हिस्सा ढह गया और उसका मलबा पास के एक घर पर आ गिरा। हादसे में नंदू टिकोने, मौली टिकोने और अनीता नंदू टिकोने मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे और लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों के शव बाहर निकाले गए। एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को भी खाली कराया गया।
दीवार गिरने से मजदूर की मौत, कई घायल
बारिश से जुड़ी एक अन्य घटना पिंपरी-चिंचवड़ के निगड़ी स्थित भेल चौक में हुई, जहां एक दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तेज बहाव में बहे दो लोग
खेड़ तहसील के शेलू-कुरकुंडी गांव के पास मोटरसाइकिल से जा रहे दो लोग तेज बहाव में बह गए। प्रशासन, पुलिस और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका था।
568 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बताया कि प्रभावित इलाकों से अब तक 568 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं पिंपरी-चिंचवड़ और शिरूर सहित अन्य क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

बांध में तेजी से बढ़ा जलस्तर
लगातार बारिश के कारण खड़कवासला जलाशय का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक सोमवार शाम तक बांध अपनी कुल क्षमता का 34 प्रतिशत भर चुका था और यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो अगले 24 घंटों में यह लगभग 80 प्रतिशत तक भर सकता है।
ऑरेंज अलर्ट के बीच स्कूलों में छुट्टी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पुणे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने जुन्नार, खेड़, आंबेगांव, राजगढ़, भोर, मावल और मुलशी तहसीलों के सभी स्कूलों में 7 जुलाई के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
