छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर, कई जिलों में रेड अलर्ट, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
रायपुर समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 और 48 घंटों के लिए भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 46 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। अगले दो दिनों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के लिए रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बेमेतरा, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है।
कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और बिलासपुर संभाग के अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर और जशपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
अगले 48 घंटों के दौरान कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मुंगेली जिलों में रेड अलर्ट रहेगा। बिलासपुर, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, नारायणपुर, बीजापुर, कोरबा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और कांकेर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रायपुर, बलरामपुर, सरगुजा और सूरजपुर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, फिसलन, यातायात बाधित होने, दृश्यता कम होने और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
