1 जुलाई से LPG के नए नियम लागू, नहीं मानी ये शर्त तो कट सकता है गैस कनेक्शन
इंडेन, HP और भारत गैस के ग्राहकों के लिए बड़े बदलाव: 25 दिन में मिलेगा सिलेंडर, OTP अनिवार्य, e-KYC की डेडलाइन 30 जून
LPG new rules : 1 जुलाई 2026 से LPG को लेकर बड़े बदलाव किए गए हैं। इंडेन गैस, भारत पेट्रोलियम और भारत गैस के LPG ग्राहकों को बड़ा झटका लगने वाला है। रसोई गैस सिलेंडर (LPG) और पाइप से आने वाली गैस (PNG) से संबंधित कई नियम बदल गए हैं। अगर बदले हुए नियम के मुताबिक आपने बदलाव नहीं किए तो एक गलती आपका गैस कनेक्शन कट भी करा सकती है। इससे पहले केंद्र सरकार ने 1 जून को भी नियमों में कुछ बदलाव किए थे। अब 1 जुलाई से भी कुछ नियम बदलने जा रहे हैं, जिन्हें जानना उपभोक्ताओं के लिए बहुत ही ज्यादा जरूरी है
गैस सिलेंडर बुकिंग पर सख्ती – 25 दिन का इंतजार
सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब हर घर में गैस सिलेंडर की बुकिंग पर सख्ती बढ़ा दी गई है। सरकार ने दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच का समय बढ़ा दिया है। शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर पाएंगे, जबकि गांवों के ग्राहकों के लिए 45 दिन का नियम है
बिना OTP नहीं मिलेगा सिलेंडर
अब गैस डिलीवरी के समय OTP देना जरूरी है। सिलेंडर लेने से पहले आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा और उसी के बाद डिलीवरी पूरी मानी जाएगी। डिलीवरी ब्वॉय तब तक सिलेंडर नहीं सौंपेगा जब तक OTP कन्फर्म नहीं हो जाता। फिजिकल डॉक्यूमेंट्स जैसे ब्लू बुक या रसीद अब डिलीवरी के लिए स्वीकार नहीं किए जाएंगे
PNG वाले क्षेत्रों में LPG कनेक्शन हो सकता है बंद
सरकार का सख्त निर्देश है कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचाने का बुनियादी ढांचा मौजूद है, वहां LPG उपयोगकर्ताओं को PNG सिस्टम में बदलना होगा। सरकार ने मार्च 2026 में तीन महीने की समय सीमा दी थी, जो जून 2026 के अंत में पूरी हो रही है। इसके बाद PNG सुविधा वाले क्षेत्रों में LPG कनेक्शन काट दिया जाएगा
LPG कनेक्शन सरेंडर करने पर मिलेगा ट्रांसफर वाउचर
नए नियम के तहत, जिनके पास पहले से ही PNG कनेक्शन है, उनका LPG कनेक्शन 30 दिनों के भीतर बंद किया जा सकता है। जो उपभोक्ता अपनी मर्जी से LPG कनेक्शन सरेंडर करते हैं, उन्हें एक कूपन (ट्रांसफर वाउचर) मिलेगा, जिससे वे जरूरत पड़ने पर बाद में अपना LPG कनेक्शन फिर से एक्टिव कर सकेंगे। यह वाउचर विशेष रूप से उन परिवारों के लिए फायदेमंद है जो PNG वाले इलाके से गैर-PNG क्षेत्रों में शिफ्ट होते हैं
e-KYC कराना अनिवार्य, 30 जून की डेडलाइन
सभी LPG कनेक्शन धारकों के लिए e-KYC वेरिफिकेशन करना भी जरूरी है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून है। अगर e-KYC तय समय सीमा में नहीं होती है तो संभावना है कि आपका कनेक्शन काटा जा सकता है, जिससे अगले सिलेंडर की बुकिंग करना मुश्किल हो जाएगा। जिन ग्राहकों ने पहले ही e-KYC पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया करने की आवश्यकता नहीं है
‘एक घर, एक कनेक्शन’
सरकार ‘एक घर, एक कनेक्शन’ नीति को सख्ती से लागू कर रही है। एक ही परिवार के पास LPG और PNG दोनों कनेक्शन नहीं हो सकते। जिन घरों में दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने ऐसे ग्राहकों की पहचान करना शुरू कर दिया है.
यह सभी LPG उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। सभी ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने कनेक्शन की स्थिति की जांच करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक बदलाव करें।
