महाराष्ट्र TET 2026 पेपर लीक: परीक्षा से 24 घंटे पहले रद्द, राहुल बोले- ‘यह युवाओं के भविष्य की चोरी’

Maharashtra TET paper leak 2026

28 जून को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा भिवंडी में पेपर लीक होने के बाद हुई रद्द, तीन आरोपी गिरफ्तार, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

 

 

मुंबई। महाराष्ट्र में TET 2026 परीक्षा से पहले बड़ा पेपर लीक सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने जमकर भड़ास निकाली है। 28 जून को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 का प्रश्नपत्र परीक्षा से महज 24 घंटे पहले लीक होने का मामला सामने आने के बाद परीक्षा स्थगित कर दी गई। इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने महाराष्ट्र की भाजपा सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है ।

 

क्या है पूरा मामला?

भिवंडी पुलिस को शनिवार तड़के गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग TET के प्रश्नपत्र को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखे हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भिवंडी के डायमंड होटल में छापेमारी की और संदिग्धों के पास से प्रश्नपत्र बरामद किए। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जांच कराई गई, जिसमें बरामद प्रश्नपत्र असली परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए ।

 

इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान बिहार के रहने वाले राजीव शॉ और आकाश कुमार तथा हरियाणा के धीरज सिंह के रूप में हुई। आरोपियों के पास से मोबाइल, नकदी और TET के चार सेट बरामद किए गए। पुलिस को संदेह है कि इस पूरे मामले में करीब 1.5 करोड़ रुपये का सौदा होने वाला था ।

 

परीक्षा रद्द, राजनीति गरमाई

पेपर लीक की पुष्टि के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने रविवार को होने वाली TET परीक्षा को स्थगित कर दिया। परिषद ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और अखंडता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। परीक्षा का नया शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा ।

 

कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोला और लिखा – “एक और पेपर लीक. TET का पेपर लीक हो गया है. BJP की सरकार में कोई ऐसा पेपर नहीं, जो लीक नहीं होता. ये सरकार ‘पेपर लीक सरकार’ बन चुकी है” ।

 

राहुल गांधी का बड़ा बयान

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा – “एक और पेपर लीक, एक और परीक्षा रद्द. इस बार महाराष्ट्र का TET. देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को वसूली का सिस्टम बना दिया गया है, जिससे देश का हर युवा असुरक्षित है. यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, यह युवाओं के भविष्य की चोरी है” ।

 

विपक्षी दलों का हमला

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विधायकों को तोड़ने और खरीदने में व्यस्त है, जबकि युवाओं के भविष्य को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी ।

 

एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता अमोल मातेले ने कहा कि अगर शिक्षक भर्ती जैसी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं तो अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं ।

 

गौरतलब है कि इससे पहले NEET UG 2026 पेपर लीक के बाद देशभर में हंगामा हुआ था। अब TET 2026 का पेपर लीक होने से एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं ।

 

 

Read more- 

NEET 2026 Paper Leak: क्या पहले ही आउट हो गया था NEET 2026 पेपर? 150 सवाल मिले हूबहू

 

Youthwings