राहुल गांधी के दौरे पर पुरंदर मिश्रा ने कहा “दिल्ली से जोकर आ रहा है”, फिर विकास उपाध्याय ने दिया ऐसा जवाब….
कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए राहुल गांधी 21 जून को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। उनके लंबे समय से प्रतीक्षित इस दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का तीखा हमला
राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, “दिल्ली से जोकर आ रहा है. दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा.” इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “राम को काल्पनिक मानने वाले राहुल गांधी राम के मामा गांव आ रहे हैं, उनका स्वागत है. कांग्रेस में वैसे भी लेन-देन का चलन है, पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त रही है. ऐसे में राहुल गांधी क्या पदाधिकारियों को आलू से सोना निकालकर छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने की कला सिखाएंगे?”
कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय का पलटवार
भाजपा विधायक द्वारा राहुल गांधी को जोकर बताए जाने पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “पुरंदर मिश्रा मेंटली डिस्टर्ब हो चुके हैं, उन्हें पागलखाने में एडमिट करने का समय आ गया है. भाजपा वाले अगर इलाज के लिए नहीं ले जा पा रहे हैं, तो कांग्रेस इलाज कराने के लिए तैयार है. एक बार के एक्सीडेंटल विधायक पुरंदर मिश्रा अपना कद बढ़ाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं.”
आज से शुरू होगा 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से अभनपुर में शुरू हो रहा है। इस शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
21 जून को कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण शिविर में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
