PCC चीफ दीपक बैज का बड़ा इंटरव्यू: “आज चुनाव हो जाए तो कांग्रेस की सरकार बनेगी, भाजपा धर्म और जाति की राजनीति कर रही”

दीपक बैज का बड़ा इंटरव्यू

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने https://youthwings.in/ की विशेष इंटरव्यू में प्रदेश की राजनीति, आदिवासी मुद्दों, धर्मांतरण, संगठन की स्थिति और भाजपा सरकार पर खुलकर अपनी बात रखी। बैज ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस का संगठन पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है और यदि आज चुनाव हो जाए तो जनता कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने का मन बना चुकी है।

सवाल: एक साधारण आदिवासी परिवार से PCC चीफ तक का सफर कैसे तय हुआ?

दीपक बैज: मैं एक सामान्य आदिवासी परिवार से आता हूं। मेरे परिवार में कोई राजनीतिक विरासत नहीं थी। छात्रावास में रहकर पढ़ाई की, वहीं से अनुशासन सीखा। जिला पंचायत सदस्य से लेकर विधायक, सांसद और अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तक का सफर पार्टी और जनता के भरोसे से तय हुआ है।

सवाल: 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की सबसे बड़ी वजह क्या रही?

दीपक बैज: हार के पीछे कोई एक कारण नहीं था। कई छोटी-छोटी वजहें थीं। कुछ अफवाहें फैलाई गईं, कुछ सामंजस्य की कमी रही। हम कमियों को स्वीकार करते हैं, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने अच्छा काम किया था। परिणाम उम्मीद के विपरीत रहे।

सवाल: कांग्रेस में अंतर्कलह की चर्चा लगातार होती रही है, क्या यह सच है?

दीपक बैज: हमारे पास भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत जैसे वरिष्ठ नेता हैं। सभी के साथ बैठकर रणनीति बनाई जाती है। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संगठन में कोई बड़ा टकराव नहीं है। हमारी लड़ाई भाजपा और उसकी नीतियों से है, अपने नेताओं से नहीं।

सवाल: भाजपा लगातार कांग्रेस पर धर्मांतरण और हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाती है, आपका क्या कहना है?

दीपक बैज: भाजपा के पास जनता के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए धर्म और जाति की राजनीति कर रही है। मैं स्वयं आदिवासी परंपराओं और देवी-देवताओं में आस्था रखता हूं। अगर किसी के पास मेरे धर्म परिवर्तन का कोई सबूत है तो सामने लाए। सिर्फ आरोप लगाने से सच्चाई नहीं बदलती।

सवाल: आदिवासी क्षेत्रों की सबसे बड़ी समस्या क्या है?

दीपक बैज: बस्तर और सरगुजा में नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है। अब सबसे बड़े मुद्दे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और जल-जंगल-जमीन की रक्षा हैं। आदिवासियों के अधिकार और प्राकृतिक संसाधनों को बचाना सबसे बड़ी चुनौती है।

सवाल: खनिज संसाधनों और कोल माइंस को लेकर कांग्रेस की क्या रणनीति है?

दीपक बैज: हम विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अंधाधुंध खनन और जंगलों की कटाई के खिलाफ हैं। सरकार जरूरत से ज्यादा खदानें उद्योगपतियों को सौंप रही है। खनिज संपदा आने वाली पीढ़ियों की भी धरोहर है, इसे एक साथ खत्म नहीं किया जा सकता।

सवाल: भाजपा की संगठनात्मक ताकत के मुकाबले कांग्रेस कहां खड़ी है?

दीपक बैज: कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर रही है। बूथ, सेक्टर, मंडल और जिला स्तर पर संगठन का पुनर्गठन हो चुका है। हम लगातार कार्यकर्ताओं के बीच जाकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं।

सवाल: भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है, कांग्रेस इसकी काट क्यों नहीं खोज पा रही?

दीपक बैज: भाजपा सिर्फ पार्टी के दम पर चुनाव नहीं जीतती। उसके साथ कई संगठन और सरकारी एजेंसियां काम करती हैं। इसके बावजूद जनता अब सब समझ रही है। महंगाई, बेरोजगारी और वादाखिलाफी से लोग परेशान हैं और बदलाव चाहते हैं।

सवाल: 2028 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी क्या है?

दीपक बैज: कांग्रेस संगठन मजबूत कर रही है और सरकार की नाकामियों को जनता के बीच लेकर जा रही है। मोदी गारंटी और राज्य सरकार के वादों की हकीकत सामने आ रही है। हमें विश्वास है कि आने वाले चुनाव में जनता बदलाव का फैसला करेगी।

रैपिड फायर में क्या बोले दीपक बैज?

राजनीति में रोल मॉडल: राहुल गांधी
राहुल गांधी की सबसे बड़ी खासियत: ईमानदार, मेहनती और निडर
बस्तर का एक शब्द में वर्णन: जन्नत
राजनीतिक महत्वाकांक्षा: जनसेवा

पद नहीं मिला तो? संगठन और जनता की सेवा जारी रखूंगा

इंटरव्यू के अंत में दीपक बैज ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है और आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Youthwings