कोरिया में दिल दहला देने वाला कांड रेत विवाद में भाजपा नेता ने दूसरे नेता को फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाया, चार गिरफ्तार
सोनहत तहसील के कटगोड़ी में टिपर से कार को क्षतिग्रस्त करने के बाद पेट्रोल छिड़क कर आग लगाई, विधायक ने भी लिया मामले का जायजा
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत व्यापार को लेकर भाजपा नेताओं के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोनहत तहसील के कटगोड़ी गांव में मंगलवार देर रात भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की उस समय जलकर मौत हो गई, जब विरोधी पक्ष ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टिपर से टक्कर मारी, फिर आग लगाई
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात 11 बजे की है। भरत सिंह अपने साथियों के साथ नवगई गांव पहुंचे ही थे कि आरोपियों ने पहले टिपर से फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारी और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी । कार के दरवाजे जाम हो जाने के कारण सवार शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की।
घटना में भरत सिंह की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।
पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही मौके पर पहुंचे । पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी शामिल हैं। बाकी तीन फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। सभी आरोपी भी भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं।
रेत विवाद था हत्याकांड की वजह
बताया जा रहा है कि मृतक भरत सिंह गहरवार और आरोपी मनोज त्रिपाठी के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था । इससे पहले मंगलवार दोपहर भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी। रात में ही इस विवाद ने खूनी अंजाम ले लिया।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने इस घटना को भाजपा के आपसी गैंगवार का नतीजा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में रेत का खूनी खेल चल रहा है और सरकार चुप है । उन्होंने कहा कि एक पखवाड़े पहले जांजगीर-चांपा में दो भाइयों को गोली मारी गई थी, लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा- होगी जांच
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामले की पूरी जांच होगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस घटना का राजनीतिकरण कर रही है।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद कटगोड़ी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Read more-
Mann Ki Baat में छाए कोरिया के किसान, पीएम मोदी ने की तारीफ, बताया देश के लिए मिसाल
