CJP के प्रदर्शन में हंगामा: पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके को युवक ने जड़ा थप्पड़

अभिजीत दीपके को थप्पड़

राजधानी के शहीद स्मारक में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ अप्रत्याशित घटना हो गई।

समर्थकों के बीच पहुंचे अभिजीत दीपके, तभी हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद समर्थक अभिजीत दीपके का स्वागत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कंधों पर बैठाकर आगे ले जाया जा रहा था। तभी भीड़ में मौजूद एक युवक उनके करीब पहुंचा और कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। घटना होते ही वहां मौजूद कार्यकर्ता और समर्थक आक्रोशित हो गए।

युवक की पिटाई, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद नाराज समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और युवक को भीड़ से निकालकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया।

कार्यक्रम के दौरान अन्य विवाद भी सामने आए

प्रदर्शन स्थल पर थप्पड़ कांड से पहले भी कुछ युवकों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी। नारेबाजी के दौरान शुरू हुआ विवाद बढ़ने लगा तो पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन बाद में कार्यक्रम सामान्य रूप से जारी रहा।

मोबाइल चोरी की शिकायतों से बढ़ी परेशानी

भीड़भाड़ के बीच कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन गायब होने की शिकायत भी दर्ज कराई। शिकायतें सामने आने के बाद आयोजकों ने मंच से लोगों को अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई।

पोस्टरों और नारों के जरिए जताया विरोध

प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर विभिन्न पोस्टर और बैनर प्रदर्शित किए। कई प्रदर्शनकारी तिरंगा लेकर पहुंचे और पेपर लीक तथा बेरोजगारी के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम स्थल पर कॉकरोच का प्रतीकात्मक चित्र भी बनाया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शिक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस ने थप्पड़ मारने के आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं प्रदर्शन समाप्त होने तक पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Youthwings