रायपुर में 21 से कांग्रेस का मेगा ट्रेनिंग कैंप, राहुल गांधी खुद देंगे जिला अध्यक्षों को संगठन मजबूती के टिप्स
एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल के पत्र के बाद तैयारियां तेज, अभनपुर के मंगल भवन में 10 दिन चलेगा शिविर, जिला अध्यक्षों को मिलेंगे व्यापक अधिकार
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों का मेगा ट्रेनिंग कैंप 21 जून से शुरू हो रहा है। यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 जून तक अभनपुर स्थित मंगल भवन में आयोजित होगा । शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे । इस संबंध में एआईसीसी के प्रभारी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पीसीसी समेत सभी जिला अध्यक्षों को पत्र के जरिए सूचित कर दिया है ।
जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे राहुल गांधी
प्रशिक्षण सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सभी जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद भी करेंगे। इस दौरान संबंधित जिलों की राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी भी लेंगे। संगठन में इस बात की चर्चा है कि प्रशिक्षण सत्र के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को व्यापक अधिकार दिया जाएगा । ऐसी स्थिति में स्थानीय हालातों के मुताबिक फैसले लेने का दायरा भी बढ़ेगा। वहीं वे सीधे एआईसीसी के संपर्क में रहेंगे। एक तरह से जिला अध्यक्षों को ताकतवर बनाते हुए पूरे संगठन को प्रभावी बनाया जाएगा ।
प्रशिक्षण में बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर फोकस
राष्ट्रीय महासचिव ने पीसीसी को निर्देश दिए हैं कि वे एआईसीसी के प्रशिक्षण विभाग से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। प्रशिक्षण में एआईसीसी के महासचिवों समेत पीसीसी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को पहले दो दिन और अंतिम दो दिन मौजूद रहना अनिवार्य होगा ।
शिविर में मुख्य रूप से बूथ प्रबंधन, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच और आगामी चुनावी चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों पर चर्चा होगी । पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिला अध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावों में उम्मीदवार चयन में अधिक भूमिका देने की योजना है ।
प्रियंका गांधी और खरगे के भी पहुंचने की चर्चा
इधर प्रशिक्षण सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा महासचिव प्रियंका गांधी के शामिल होने की भी चर्चा है। सभी प्रतिभागियों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं । कार्यक्रम में शामिल होने वाले जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को औपचारिक निमंत्रण भी भेजा गया है।
Read more-
