छत्तीसगढ़ में जीएसटी घोटाला: 26 करोड़ की टैक्स चोरी के आरोप में लोहा कारोबारी गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीएसटी चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। स्टेट जीएसटी विभाग ने लोहा कारोबारी अमन अग्रवाल को गिरफ्तार किया है, जिस पर फर्जी फर्मों के जरिए 26 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) की हेराफेरी करने का आरोप है। इस घोटाले से राज्य सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ है।
फर्जी लेनदेन से की गई करोड़ों की टैक्स चोरी
स्टेट जीएसटी के जॉइंट कमिश्नर नरेंद्र वर्मा के मुताबिक, आरोपी अमन अग्रवाल ने वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच लगभग 262 करोड़ रुपये की फर्जी खरीदी-बिक्री दिखाई। यह लेनदेन अमन ने अस्तित्वहीन फर्मों के माध्यम से किया ताकि इनपुट टैक्स क्रेडिट का फायदा उठाकर टैक्स चोरी की जा सके।
10 फर्जी फर्मों के नाम पर कारोबार का झांसा
अमन अग्रवाल, जो ‘अगस्त्य इंटरप्राइजेज’ और ‘अग्रवाल इंटरप्राइजेज’ का संचालक है, उस पर 10 फर्जी फर्मों के नाम पर कारोबार दर्शाकर टैक्स चोरी करने का आरोप है। विभाग ने उसके खिलाफ जीएसटी एक्ट की धारा 69 और 132(बी) के तहत कार्रवाई की है।
