भिलाई के सेक्टर-7 में पीलिया का कहर: एक माह में दो बार प्रकोप, अब 15 नए मरीज, दो आईसीयू में भर्ती

Bhilai jaundice outbreak

टाउनशिप के सेक्टर-7 के स्ट्रीट नंबर 40, 41 और 43 में पीलिया के नए मामले, पुरानी पाइपलाइन और गंदे पानी को बताया जा रहा है मुख्य कारण

 

भिलाई। टाउनशिप क्षेत्र के सेक्टर-7 में एक बार फिर पीलिया का प्रकोप फैल गया है। करीब एक माह पहले यहां लगभग 50 लोग पीलिया की चपेट में आए थे, वहीं अब क्षेत्र में 15 नए मरीजों की पहचान हुई है। इनमें से दो पीड़ितों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने प्रभावित इलाके में घर-घर जाकर सर्वे अभियान चलाया।

 

किन इलाकों में फैला पीलिया?

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-7 के स्ट्रीट नंबर 40, 41 और 43 में पीलिया के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में मरीजों का उपचार जारी है। इनमें से दो मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पीलिया के बढ़ते मामलों से नाराज स्थानीय लोगों ने टाउनशिप के स्टेट ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पेयजल पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत की मांग की है।

 

रहवासियों का आरोप है कि पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। नालों के अंदर से गुजरने वाली करीब 50 साल पुरानी पाइपलाइनों के क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।

 

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के नेतृत्व में सिविल अस्पताल सुपेला की टीम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मितानिनों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर सर्वे किया। टीम ने लोगों को स्वच्छ पानी पीने, पानी को उबालकर उपयोग करने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी।

 

हाल ही में 8 जून को संयुक्त टीम द्वारा किए गए सर्वेक्षण में कोई नया सक्रिय मरीज नहीं मिला। हालांकि इससे पहले एक दिन में ही 15 नए मामले सामने आए थे। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और जल स्रोतों की जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण के कारणों का पता लगाया जा सके।

 

पाइपलाइन बदलने का काम शुरू

बीएसपी प्रबंधन ने संक्रमण के स्रोत को खत्म करने के लिए गटर में डूबी पुरानी पाइपलाइनों को बदलने का काम शुरू कर दिया है। प्रमुख पाइपलाइन से क्वार्टरों तक की पूरी पाइपलाइन बदली जा रही है। पाइपलाइन को अब सड़क के ऊपर से गड्ढा खोदकर लाया जा रहा है।

 

जल संकट की स्थिति बनने से रोकने के लिए भिलाई नगर निगम प्रशासन ने टैंकरों से संक्रमित क्षेत्र में पीने के पानी की आपूर्ति शुरू करायी है। इसके अलावा क्षेत्रीय पार्षद और भिलाई नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग के सीजीएम एबी श्रीनिवास से मुलाकात कर पानी सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया था।

 

पीलिया के लक्षण और बचाव के तरीके

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पीलिया एक संक्रामक बीमारी है जो दूषित पानी और भोजन से फैलती है। वायरल संक्रमण के कारण होने वाली इस बीमारी के लक्षण शरीर में वायरस प्रवेश करने के 15 से 50 दिनों के भीतर दिखाई देते हैं।

 

प्रमुख लक्षण:

– भूख कम लगना

– पेशाब का पीला होना

– खाने में स्वाद न आना

– जी मिचलाना या उल्टी होना

– सिरदर्द

– कमजोरी और थकान

– पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में दर्द

– आंखों और त्वचा का पीला पड़ना

 

बचाव के उपाय:

– पानी को उबालकर ही पिएं

– क्लोरीन की गोली का उपयोग करें

– खाना खाने से पहले हाथ जरूर धोएं

– बासी और खुले का खाना न खाएं

– लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें

 

Read more-

Bhilai Ambedkar Comment Controversy: भिलाई में अंबेडकर पर टिप्पणी से बवाल! युवती गिरफ्तार, थाने का घेराव

 

Youthwings