फिलीपींस में तबाही मचाने वाला भूकंप! 7.8 की तीव्रता, इमारतें ढहीं, 3 मीटर ऊंची सुनामी का अलर्ट

Philippines earthquake video

सोमवार सुबह मिंडानाओ द्वीप पर आया शक्तिशाली भूकंप, एक घंटे में तीन बार महसूस हुए झटके, इंडोनेशिया-जापान-मलेशिया तक सुनामी की चेतावनी जारी

 

मनीला। फिलीपींस में सोमवार सुबह-सुबह धरती कांप उठी। रिक्टर स्केल पर 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के जनरल सैंटोस शहर से करीब 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था । फिलीपींस के भूकंप संस्थान (Phivolcs) के अनुसार इसकी गहराई सिर्फ 10 किलोमीटर थी ।

 

एक घंटे में तीन बार आए झटके

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, फिलीपींस में एक घंटे के भीतर तीन बार झटके महसूस किए गए। पहला और सबसे शक्तिशाली भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे) आया । इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई। दूसरा झटका 5:18 मिनट पर 6.4 तीव्रता का और तीसरा झटका 6:25 मिनट पर 6.6 तीव्रता का आया।

 

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने पहले इसकी तीव्रता 7.3 बताई थी, फिर इसे बढ़ाकर 8.2 किया गया और बाद में संशोधित कर 7.8 तक सीमित कर दिया गया । वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी गहराई 55 किलोमीटर दर्ज की है ।

 

तबाही के मंजर: इमारतें ढहीं, मॉल मलबे में

सोशल मीडिया पर भूकंप के दौरान के कई वीडियो सामने आए हैं, जो दिल दहला देने वाले हैं । जनरल सैंटोस शहर में कई इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं । वीडियो में एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (जिसमें जॉलीबी फास्ट-फूड चेन थी) को मलबे में तब्दील होते देखा जा सकता है ।

 

एक स्कूल परिसर की इमारत भी भूकंप के झटकों से गिर गई । दूसरे वीडियो में बच्चे और स्कूल स्टाफ फ्लैग सेरेमनी के दौरान मैदान में खड़े थे, तभी जोरदार झटके आए । सैंटोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दीवारें भी ढह गईं और एक चार मंजिला कमर्शियल इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई ।

 

जनहानि के आंकड़े

भूकंप में अब तक कम से कम 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है । कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य जारी है और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है ।

 

जनरल सैंटोस सिटी पुलिस के मास्टर सार्जेंट रॉबर्ट डैगन ने बताया कि “कई इमारतें ढह गईं, कुछ घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हम अभी बचाव कार्यों में व्यस्त हैं” ।

 

सुनामी का खतरा: 3 मीटर ऊंची लहरों की चेतावनी

भूकंप के बाद कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है । प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (Pacific Tsunami Warning Center) ने कहा है कि फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं ।

 

फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप संस्थान (PHIVOLCS) के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने लोगों से तटीय इलाकों को खाली करने और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है ।

 

इन देशों में भी सुनामी का अलर्ट

भूकंप के बाद सिर्फ फिलीपींस ही नहीं, बल्कि कई अन्य देशों में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है :

– इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु क्षेत्रों में झटके महसूस किए गए और सुनामी की चेतावनी दी गई है

– मलेशिया के कुछ तटीय इलाकों में 1 मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका

– जापान के प्रशांत तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी

– ताइवान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और कई प्रशांत द्वीप क्षेत्रों में भी छोटी लहरों की संभावना

 

‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित है फिलीपींस

फिलीपींस प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित है, जो दुनिया के सबसे अधिक भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में से एक है । यह क्षेत्र अक्सर भूकंप, ज्वालामुखी गतिविधि और बड़े तूफानों से प्रभावित होता है। पिछले साल अक्टूबर में भी पूर्वी मिंडानाओ में 7.4 और 6.7 तीव्रता के भूकंप आए थे, जिनमें कम से कम आठ लोगों की मौत हुई थी ।

 

राहत कार्य जारी

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने तत्काल राष्ट्रीय प्रतिक्रिया के आदेश दिए हैं । आपदा प्रबंधन एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि अस्पतालों ने भी मरीजों को खाली कराया । कई इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं ठप हो गई हैं । राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

 

Read more-

Iran Attack on Kuwait: कुवैत एयरपोर्ट पर मिसाइल और ड्रोन हमले का दावा, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ा तनाव

 

Youthwings