Morning News : ITI प्रवेश के लिए आज से ऑनलाइन आवेदन शुरू, जिला कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक, NEET पेपर लीक पर आज सुनवाई.. पढ़ें और भी बड़ी खबरें

रायपुर में आज से राष्ट्रीय आम महोत्सव की शुरुआत, ITI प्रवेश प्रक्रिया शुरू, भाजपा और कांग्रेस की बड़ी बैठकों के बीच सुप्रीम कोर्ट में आज होगी NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई

 

Morning News : रायपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ होगा। शाम 4 बजे राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री भी समारोह में शामिल होंगे। महोत्सव में देश-विदेश की 250 से अधिक आम की किस्में प्रदर्शित की जाएंगी। अगले तीन दिनों तक आम प्रेमियों के लिए खास आकर्षण देखने को मिलेगा।

 

ITI प्रवेश के लिए आज से ऑनलाइन आवेदन शुरू

प्रदेश के ITI संस्थानों में प्रवेश के लिए आज से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 15 जून रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी और मुख्य मेरिट सूची 16 जून को जारी की जाएगी। आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

 

 जिला कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक आज

कांग्रेस भवन गांधी मैदान में आज जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में AICC सह सचिव एवं रायपुर जिला प्रभारी विजय जांगिड़ शामिल होंगे। संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

 

भाजपा 5 जून से शुरू करेगी महाजनसंपर्क अभियान

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा 5 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में महाजनसंपर्क अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा नेता जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। 10 जून को जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और विकास प्रदर्शनी आयोजित होगी। 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर संकल्प सभाएं और 15 से 17 जून तक गांव-बस्ती स्तर पर चौपाल कार्यक्रम होंगे। 21 जून को बड़े स्तर पर योग दिवस मनाया जाएगा।

 

हटरी बाजार में भीषण आग, तीन मंजिला इमारत गिरी

भाटापारा के हटरी बाजार स्थित चार दुकानों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि तीन मंजिला इमारत ढह गई। आग बुझाने के दौरान एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामला शहर थाना क्षेत्र का है।

 

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए राशि जारी

केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ समेत 12 राज्यों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 10 हजार 21 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार जताया है। इस राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण को गति मिलेगी।

 

NEET पेपर लीक मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

NEET पेपर लीक मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। कोर्ट पहले ही NTA की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जता चुका है और कहा था कि एजेंसी ने अब तक कोई सबक नहीं सीखा। मामले में केंद्र सरकार, NTA और CBI से जवाब मांगा गया है। याचिकाओं में परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार और NTA के पुनर्गठन की मांग की गई है। CBI अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Youthwings