केरल में ED रेड पर बवाल: पिनारई विजयन समर्थकों ने अधिकारियों की गाड़ियों पर किया हमला
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के बाद दोपहर में स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई, जब विजयन समर्थकों ने बाहर निकल रही ED टीम को घेर लिया और उनके वाहनों पर हमला कर दिया।
10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
ED की टीम ने तिरुवनंतपुरम, कन्नूर, कोझिकोड और अलुवा समेत कई शहरों में एक साथ छापेमारी की। तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के किराए के घर पर भी तलाशी ली गई, जहां उनकी बेटी वीणा विजयन भी रहती हैं। इसके अलावा कन्नूर में पुश्तैनी घर, कोझिकोड में दामाद और माकपा विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के आवास तथा अलुवा में CMRL कंपनी के दफ्तर और उसके प्रबंध निदेशक के घर पर भी कार्रवाई हुई।
ED टीम पर पथराव और तोड़फोड़
जैसे ही छापेमारी की खबर फैली, बड़ी संख्या में सीपीआई कार्यकर्ता और समर्थक विजयन के घर के बाहर जमा होने लगे। दोपहर करीब 2 बजे जब ED अधिकारी वहां से बाहर निकले, तो भीड़ ने उनके वाहनों को घेर लिया। आरोप है कि गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं, कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और लाठियों से भी हमला किया गया।
विजयन ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
छापेमारी के बाद पिनारई विजयन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लंबे समय से उनके घर की तलाशी लेने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई से कुछ विपक्षी नेताओं को संतुष्टि मिली होगी। विजयन ने केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया।
बेटी की कंपनी से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला विजयन की बेटी वीणा विजयन की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) ने 2018-19 के दौरान कंपनी को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जबकि बदले में कोई स्पष्ट सेवा नहीं दी गई थी।
हाईकोर्ट से झटका मिलने के बाद तेज हुई कार्रवाई
इस मामले में पहले आयकर विभाग ने भी सवाल उठाए थे, जिसके बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की। हाल ही में केरल हाईकोर्ट ने CMRL की वह याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें ED की कार्रवाई रद्द करने की मांग की गई थी। इसके बाद एजेंसी ने कार्रवाई तेज कर दी। इस मामले की जांच ED के अलावा SFIO भी कर रहा है।
