कांग्रेस का प्रदर्शन: पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई पर सरकार को घेरा
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामानुजगंज ने शहर के जय स्तंभ चौक पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और ईंधन की कमी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
किसानों को समय पर नहीं मिल रहा डीजल
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद किसानों को समय पर डीजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा। खरीफ सीजन शुरू होने के चलते किसानों को खेतों की जुताई के लिए ट्रैक्टर चलाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि अब ज्यादातर किसान आधुनिक कृषि उपकरणों पर निर्भर हैं और डीजल की कमी खेती पर सीधा असर डाल सकती है।
रसोई से बाजार तक महंगाई की मार
कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय किराना व्यापारियों से चर्चा का हवाला देते हुए कहा कि खाद्य तेल सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोयाबीन तेल, सरसों तेल और अन्य खाद्य सामग्री के बढ़ते दामों से मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ रहा है। नेताओं का कहना था कि आमदनी स्थिर है, लेकिन खर्च तेजी से बढ़ता जा रहा है।
सर्राफा कारोबार पर भी असर का दावा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सोना-चांदी कारोबार से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उनका कहना था कि सोने की खरीदी को लेकर किए गए आह्वान का असर सर्राफा बाजार पर पड़ा है, जिससे व्यापारियों, कारीगरों और कर्मचारियों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने इसे छोटे व्यापारियों और कामगारों के लिए चिंता का विषय बताया।
ग्रामीण इलाकों से भी पहुंचे कार्यकर्ता
धरना प्रदर्शन में शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और महंगाई व ईंधन संकट को लेकर जल्द समाधान की मांग उठाई गई।
