देसी शराब की शॉर्टेज से बढ़ी कालाबाजारी, 80 की बोतल 200 में बिक रही

शराब

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में इन दिनों सरकारी शराब दुकानों में शराब की कमी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई दुकानों में पर्याप्त मात्रा में शराब नहीं पहुंच पा रही है, जिसके चलते शराब प्रेमियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच यह चर्चा भी तेज हो गई है कि कृत्रिम शॉर्टेज पैदा कर ब्लैक मार्केटिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

वायरल वीडियो ने खोली अवैध बिक्री की पोल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बिलासपुर जिले के कोटा स्थित शराब दुकान के सामने का है। वीडियो में खुलेआम अवैध शराब बिक्री होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि 80 रुपये की देसी शराब को 200 रुपये तक में बेचा जा रहा है। सरकारी दुकान में शराब नहीं मिलने से लोग मजबूरी में ज्यादा कीमत देकर शराब खरीद रहे हैं।

पैकेजिंग नियम बदलने से प्रभावित हुई सप्लाई

जानकारी के अनुसार प्रदेश की डिस्टलरी से बिलासपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ की करीब 800 सरकारी शराब दुकानों में शराब की सप्लाई की जाती है। 1 अप्रैल से शराब की पैकेजिंग को लेकर नया नियम लागू किया गया है। शासन ने पीईटी प्लास्टिक बोतलों में शराब पैक करने के निर्देश दिए हैं। अचानक बड़े पैमाने पर प्लास्टिक बोतलों की कमी होने से शराब उत्पादन और सप्लाई प्रभावित हुई है।

मांग के मुकाबले आधा भी नहीं पहुंच रहा स्टॉक

शराब दुकानों को उनकी जरूरत के मुताबिक पर्याप्त स्टॉक नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि जो स्टॉक पहुंच रहा है, वह कुछ ही घंटों में खत्म हो जा रहा है। इसका असर देसी और अंग्रेजी दोनों तरह की शराब पर देखने को मिल रहा है। बिलासपुर जिले की 42 शराब दुकानों में रोजाना करीब 4500 पेटी शराब की मांग रहती है, लेकिन वर्तमान में केवल 1000 से 1500 पेटी तक ही सप्लाई हो रही है।

अंग्रेजी शराब और बीयर की मांग बढ़ी

देसी शराब की कमी का असर अब अंग्रेजी शराब दुकानों पर भी दिखाई देने लगा है। देसी शराब नहीं मिलने के कारण लोग अंग्रेजी शराब की दुकानों की ओर रुख कर रहे हैं। इसके चलते अंग्रेजी शराब की कीमतों में बढ़ोतरी की बात भी सामने आ रही है। वहीं बीयर की मांग में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी बताई जा रही है।

पुलिस ने की कार्रवाई, युवक गिरफ्तार

वीडियो वायरल होने के बाद कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब दुकान के सामने दबिश दी। पुलिस ने चखना सेंटर के पास दो युवकों को अवैध रूप से देसी प्लेन शराब बेचते पकड़ा। इस दौरान रोहन साहू नामक युवक के कब्जे से 16 पाव देसी शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

READ MORE: दुर्ग पुलिस पर उठे बड़े सवाल: चालान के बदले रिश्वत और आरोपी से गले मिलते दिखे पुलिस

Youthwings